डिंपल यादव ने मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव के लिए सोमवार को नामांकन दाखिल किया। हलफनामे में उन्होंने बताया कि उनके पास 14 करोड़ से अधिक की संपत्ति मौजूद है।
मैनपुरी: यूपी के मैनपुरी से लोकसभा उपचुनाव के लिए समाजवादी पार्टी ने डिंपल यादव को चुनाव में उतारा है। डिंपल ने सोमवार को नामांकन दाखिल किया। उनकी चल-अचल संपत्ति 14 करोड़ 32 लाख रुपए से भी अधिक है। डिंपल के पास 59 लाख 76 हजार और 687 रुपए के जेवरात हैं। हालांकि उनके पास कोई भी वाहन नहीं है। इसी के साथ उनके पास कोई हथियार भी नहीं है।
संपत्ति के मामले में डिंपल से आगे हैं अखिलेश
नामांकन के दौरान दिए गए शपथ पत्र के अनुसार डिंपल यादव के पास कुल संपत्ति 14 करोड़ 32 लाख 2 हजार 605 रुपए है। इसमें 4 करोड़ 70 लाख 3 हजार की चल संपत्ति है। जबकि 9 करोड़ 61 लाख और 98 हजार 918 की अचल संपत्ति की वह मालकिन हैं। संपत्ति के मामले में डिंपल अपने पति अखिलेश यादव से पीछे हैं। अखिलेश यादव के पास 17.22 करोड़ रुपए की अचल संपत्ति है और 8.33 करोड़ की चल संपत्ति है।
डिंपल सोना, मोती और हीरे के साथ महंगे कंप्यूटर की है मालिक
डिंपल यादव ने 14.26 लाख रुपए से अधिक की देनदारी को दर्शाया है। वहीं अखिलेश यादव के पास 17.2 लाख रुपए से ज्यादा की देनदारी है। डिंपल ने अपने पास जिन 59 लाख 76 हजार 687 रुपए के आभूषणों को बताया है उसमें ढाई किलो से अधिक सोने के आभूषण, 203 ग्राम मोती और 127.75 कैरेट के हीरे मौजूद हैं। इसी के साथ उनके पास एक सवा लाख का कंप्यूटर भी है। डिंपल यादव के पास 102300 रुपए की नगती है और उनके पति अखिलेश यादव के पास 356010 रुपए की नगदी है। उन्होंने बिरला सनलाइफ और जनरल इंश्योरेंस से बीमा करवा रखा है। इसी के साथ एक्सिस बैंक के साथ उनका 517000 का किराए का एग्रीमेंट भी है। आपको बता दें कि डिंपल यादव वर्ष 2012 और 2014 में कन्नौज से सांसद रह चुकी हैं। उन्होंने लखनऊ विश्वविद्यालय से 1998 में स्नातक (बी.कॉम) की डिग्री हासिल की थी। इसके बाद 1999 में उनकी शादी अखिलेश यादव से हो गई थी।
पांच सालों में बढ़ी डिंपल यादव की आय
वित्तीय वर्ष आय
2017-18 6145073
2018-19 7426139
2019-20 5914555
2020-21 5892928
2021-22 7866472












