यूपी के मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव से पहले केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल ने कहा कि उनके सपने में मुलायम सिंह आए थे। वह और रघुराज शाक्य उनके असली शिष्य हैं और वहीं दोनों उनका सम्मान रखेंगे। बता दें कि जनसभा को संबोधिक कर बघेल ने यह बात कही।

मैनपुरी: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी लोकसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव के बीच केंद्रीय राज्‍यमंत्री एसपी सिंह बघेल मुलायम सिंह यादव को अपना गुरु बताया है। केंद्रीय राज्‍यमंत्री ने कहा कि नेताजी उनके सपने में आए थे। मुलायम सिह ने सपने में उनसे कहा कि वह और रघुराज शाक्य उनके असली शिष्य हैं और वहीं दोनों उनका सम्मान रखेंगे। वर्ष 2017 में अखिलेश यादव ने मुझसे मेरी चाभी छीन ली। जिस समाजवाद के पौधे को मैने लगाया था वह भी अखिलेश ने मुझसे छीन लिया। अब ऱघुराज और तुम ही मेरे लिए कुछ करोगे। बता दें कि शुक्रवार को चुनावी जनसभा के दौरान बघेल ने गुरु के सम्‍मान की दुहाई देते हुए जनता से बीजेपी प्रत्याशी को वोट देने की अपील की।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

केंद्रीय मंत्री ने की भाजपा प्रत्याशी को जिताने की अपील
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि विधानसभा चुनाव के बाद से 8 महीने में वह 22 बार अपने क्षेत्र में आए हैं। लेकिन सपा अध्यक्ष अखिलेश को यहां आने की फुर्सत नहीं मिली। जबकि वह यहां से विधायक भी हैं। उन्होंने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि बीजेपी प्रत्याशी को जिताएं। रघुराज भी सांसद बनकर दिल्ली जाएंगे। बता दें कि मैनपुरी लोकसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर राजनीतिक पार्टियां प्रचार में जुटी हुई हैं। वहीं यह चुनाव प्रचार का शोर बीते शनिवार की शाम से थम गया है। वहीं सपा प्रत्याशी डिंपल यादव ने नुक्कड़ सभा कर जनता से वोट अपील की है। इस दौरान डिंपल यादव ने लोगों से कहा कि उन्हें वोट देकर नेताजी को सच्ची श्रद्धांजलि देने का काम करें।

दोनों पार्टियों ने उपचुनाव में झोंकी पूरी ताकत
मैनपुरी उपचुनाव में सपा से राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव मैदान में हैं। वहीं भाजपा ने रघुराज सिंह शाक्य को चुनाव मैदान में उतारा है। दोनों ही पार्टियों ने इस उपचुनाव में अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। वहीं मैनपुरी में उपचुनाव के लिए चुनाव ड्यूटी में लगे हुए पुलिस बल को SSP शशि शेखर सिंह ने शुक्रवार को अन्य अधिकारियों की उपस्थिति में रिजर्व पुलिस लाइन में ब्रीफ किया। इस दौरान उन्होंने चुनाव ड्यूटी के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों का विशेष ध्यान देने को कहा है। बता दें कि भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में सीएम योगी भी जमकर चुनावी रैली कर रहे हैं। बीते शुक्रवार को सीएम ने रामपुर और मैनपुरी में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान सीएम ने अखिलेश यादव, डिंपल यादव औऱ आजम खान पर जमकर हमला किया। 

मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव में अहम होगी शाक्य वोटरों की भूमिका, जानिए क्या है 'यादवलैंड' का पूरा समीकरण