थरवई में दंपत्ति का बदमाशों ने गला रेता, नकदी और ज्वैलरी लूट ले गए बदमाश। जार्जटाउन में हिस्ट्रीशीटर युवक को मारी गई गोली। धूमनगंज में एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या। 

प्रयागराज: उत्तरप्रदेश के प्रयागराज में रविवार रात पांच घंटे के भीतर छह लोगों की हत्या का मामला सामने आया है। पहली घटना रात 9 बजे धूमनगंज इलाके की है। यहां जमीनी विवाद के चलते एक ही परिवार के तीन लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। दूसरी घटना में देर रात अल्लापुर इलाके के एक हिस्ट्रीशीटर को गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस अभी दोनों हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने में लगी थी कि रविवार रात को ही करीब दो बजे गंगापार के थरवई इलाके में घर में सो रहे एक दंपत्ति की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। एक ही दिन में हुई छह हत्याओं से शहर में सनसनी फैल गई है। पुलिस घटनाओं के पीछे की वजह तलाश करने में लगी है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

जमीनी विवाद के चलते फायरिंग

धूमनगंज में रहने वाले अजीत यादव का रविवार रात कुछ लोगों से विवाद हो गया। जानकारी के मुताबिक, जमीन को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद वहां फायरिंग हुई। इसमें परिवार के अजीत, रवि शंकर और करण को गोली लग गई। मौके पर पहुंची पुलिस घायलों को स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय ले गई। जहां चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है। 

पुरानी रंजिश के चलते हत्या

अल्लापुर का रहने वाला सचिन सोनकर रविवार रात अपने साथी रजत के साथ घर से निकला था। रात करीब 11 बजे कब्रिस्तान के पास सचिन की गोली मार दी गई। उसके सीने में दो गोलीयां लगी थी। जानकारी के मुताबिक, मोहल्ले के ही कुछ लोगों से सचिन का कुछ पुराना विवाद चल रहा था। माना जा रहा है कि पुरानी रंजिश के चलते ही गोली मारी गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज आरोपीयों की तलाश शुरू कर दी है।

घर में सो रहे दंपत्ति का गला रेता, लाखों लूट ले गए बदमाश

गंगापार के कुरारी गांव में लूट के इरादे से आए बदमाशों ने रविवार रात घर में सो रहे दंपत्ति संतोष कुमार और उसकी पत्नी सीमा की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। बदमाश कमरे में रखी आलमारी का ताला तोड़ गहने और लाखों की नकदी लूट ले गए।