कानपुर पुलिस विधायक इरफान सोलंकी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। इस बीच आशंका जताई जा रही है कि विधायक यूपी छोड़ चुके हैं। आशंका है कि विधायक ने गैर भाजपा शासित प्रदेश में शरण ली है। 

कानपुर: जाजमऊ डिफेंस कॉलोनी में स्थित केडीए के प्लाट के स्वामित्व विवाद में झोपड़ी जलाने के मामले में पुलिस सपा विधायक इरफान सोलंकी और उनके भाई रिजवान सोलंकी की तलाश कर रही है। इस बीच सर्विलांस और खुफिया विभाग से अहम जानकारी सामने आई है। पता लगा है कि सपा विधायक इरफान सोलंकी यूपी छोड़कर चले गए हैं। सूत्रों के अनुसार विधायक की लोकेशन राजस्थान में होने की बात सामने आ रही है। 

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

पुलिस लगातार दे रही है दबिश
गौरतलब है कि नजीर फातिमा की ओर से जाजमऊ थाने में सपा विधायक इरफान सोलंकी और उनके भाई रिजवान सोलंकी के खिलाफ केस दर्ज करवाया गया था। यह केस कब्जे के विवाद से बलवा, आगजनी और धमकाने की धाराओं में दर्ज हुआ था। इसके बाद पुलिस ने देर रात विधायक के आवास पर दबिश डाली थी। हालांकि घर पर वह नहीं मिले। अगले दिन उनकी लोकेशन लखनऊ सपा कार्यालय पर मिली। वहां उन्होंने मीडिया से बातचीत भी की। इसके बाद पुलिस टीम लखनऊ सपा कार्यालय और विधायक आवास पर भी पहुंची। हालांकि वहां विधायक नहीं मिले। इसी के साथ उनके फोन भी स्विच ऑफ थे। पुलिस इस बीच विधायक के कई करीबियों से भी पूछताछ कर उनके बारे में पता लगाने का प्रयास कर रही है। प्रयास हो रहा है कि जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाए। 

विधायक के गैर भाजपा शासित प्रदेशों में शरण लेने की आशंका
पुलिस पड़ताल में यह भी सामने आ रहा है कि विधायक दूसरे नंबरों से अपने सहयोगियों से संपर्क में हैं। वह वाट्सऐप का भी इस्तेमाल कर रहे हैं। इस बीच पुलिस ने दो दर्जन से अधिक संदिग्धों के नंबरों को सर्विलांस पर लगाया है। वहीं खुफिया विभाग का कहना है कि विधायक ने गैर भाजपा शासित प्रदेश में शरण ली हुई है। इस बीच पुलिस आरोपी विधायक की पुरानी फाइलें खोलने की भी तैयारी में जुटी हुई है। 

उन्नाव: कर्ज लेकर फसल बोने वाले किसान आत्महत्या को मजबूर, किसानों ने सरकार से लगाई मदद की गुहार