सार
लड़की के फैसले का लड़के वालों की तरफ के कुछ लोगों ने भी समर्थन किया। इसके बाद दोनों पक्षों ने आपस में बैठकर समझौता कर लिया और मंगनी में खर्च रुपए वापस करने पर सहमति बन गई।
बरेली (Uttar Pradesh ) । शादी में बुलेट की जिद करना दूल्हे को भारी पड़ गया। नाराज दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया। जिसके चलते दूल्हे के परिवार वालों को आयोजन का पूरा खर्चा उठाना पड़ा, जो बुलेट की कीमत से कई गुना ज्यादा था। फिर, बिना दुल्हन के वापस भी लौटना पड़ा। वहीं, लड़की के परिवार वालों का कहना है कि उनकी बेटी सिर्फ आठवीं तक पढ़ी है, लेकिन उसके फैसले पर हम सभी को गर्व है। यह घटना बुधवार की रात इज्जतनगर थाना क्षेत्र के गांव परतापुर की है।
बुलेट देने को तैयार थे दुल्हन के घरवाले
परतापुर के रहने वाले खलील रजा की बेटी का रिश्ता आठ महीने पहले सीबीगंज के गांव सनौआ निवासी जीशान खां से तय हुआ था। लड़की के परिवार वालों ने बताया कि मंगनी के समय उन लोगों ने साढ़े तीन लाख रुपए खर्च किए। इसके बाद जीशान ने फोन करके दहेज में बुलेट बाइक की मांग की। इस पर उन लोगों ने 10 हजार रुपए जमा करके बुलेट बाइक बुक करा दी, लेकिन लॉकडाउन के कारण उसकी डिलीवरी नहीं हो सकी। इसके बाद आसपास के जिलों से भी बाइक खरीदने के प्रयास किए, लेकिन नहीं मिली।
दूल्हे ने कहा था-बिना बुलेट निकाह नहीं
बुधवार की शाम चार बजे लड़के वाले बारात लेकर पहुंचे। लड़की पक्ष के लोग बरातियों को खाना खिला रहे थे। जीशान ने बुलेट की बात फिर से छेड़ दी। बिना बुलेट के निकाह नहीं करने की बात भी कही। ये बात जब लड़की को पता चली तो उसने निकाह करने से इनकार कर दिया।
दूल्हे के परिवार वालों को देना पड़ा पूरा खर्च
लड़की के फैसले का लड़के वालों की तरफ के कुछ लोगों ने भी समर्थन किया। इसके बाद दोनों पक्षों ने आपस में बैठकर समझौता कर लिया और मंगनी में खर्च रुपए वापस करने पर सहमति बन गई।
(प्रतीकात्मक फोटो)