भाजपा निष्कासित विधायक पर है रेप का आरोप। 

लखनऊ: उन्नाव रेप कांड के आरोपी भाजपा निष्कासित विधायक कुलदीप सिंह सेंगर और उनके सहयोगी शशि सिंह सोमवार को दिल्ली के तीस हजारी कोर्ट में पेश होंगे। रविवार की शाम विधायक सीतापुर जेल से दिल्ली के लिए रवाना हो गए थे। दिल्ली जाते वक्त सेंगर ने कहा कि, "यह दुर्घटना है या साजिश? इसकी व्यापक जांच होनी चाहिए। मुझे सीबीआई और मिडिया दोनों पर भरोसा है। यह सब राजनीतिक साजिश है, जिसके तहत मुझे फंसाया जा रहा है। हम मदद करने के लिए पैदा हुए हैं। गरीबों की मदद, कमजोर की मदद, समाज के हर वर्ग की मदद का काम करने का काम हमने किया है। मैं ईश्वर से भगवान से प्रार्थना करता हूं। पीड़िता और उसका वकील जल्दी से जल्दी स्वस्थ हो जाए।"

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

आरोपी व पुलिसकर्मी आज लखनऊ तलब

मामले में सभी नामजद नौ आरोपियों को सीबीआई ने सोमवार को लखनऊ दफ्तर तलब किया है। आरोपियों का यहां बयान दर्ज किया जााएगा। आरोपियों में कुलदीप सेंगर का भाई मनोज सिंह सेंगर, विनोद मिश्र, हरिपाल सिंह, नवीन सिंह, कोमल सिंह, अरुण सिंह, ज्ञानेंद्र सिंह, रिंकू सिंह, अवधेश सिंह शामिल हैं। नामजद आरोपियों के साथ पीड़िता व उसके परिवार की सुरक्षा में तैनात रहने वाले 15 पुलिसकर्मी भी सीबीआई मुख्यालय पहुंचे हैं। 


2017 में उन्नाव की रहने वाली एक युवती ने विधायक कुलदीप सिंह सेंगर व उनके भाईयों पर रेप का आरोप लगाया था। बीते 28 जुलाई को रायबरेली जाते समय पीड़िता की कार को ट्रक ने टक्कर मार दी थी। जिसमें पीड़िता की चाची व मौसी की मौत हो गई थी। जबकि घायल पीड़िता व उसके वकील की हालत नाजुक है। दोनों का इलाज लखनऊ के केजीएमयू में चल रहा है। वकील का वेंटिलेटर हटा दिया गया है। जबकि पीड़िता अभी भी वेंटिलेटर पर है।