केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने गुरूवार को काशी में मीडिया सेंटर के उद्घाटन में प्रेस वार्ता के दौरान कहा कि जनता महागठबंधन को उखाड़ फेकेंगी। उन्होंने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में प्रथम चरण में मतदान हुआ वहां की जनता ने इस बात का संकेत दे दिया है कि ईवीएम में कमल ही कमल खिल रहा है। 

अनुज तिवारी

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

वाराणसी: केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने गुरुवार को कैंटोमेंट स्थित होटल डी पेरिस में भाजपा के मीडिया सेंटर का फीता काटकर उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में प्रथम चरण का आज मतदान हुआ। वहां की जनता ने इस बात का संकेत दे दिया है कि ईवीएम में कमल ही कमल खिल रहा है। कैराना से काशी आते-आते बीजेपी के पक्ष में दोगुनी लहर होगी और विपक्षियों का सुपड़ा साफ हो जाएगा। उन्होंने कहा कि महागठबंधन वाली पार्टियों को जनता उखाड़ फेकेंगी क्योंकि पूर्व में महाठगबंधन की सरकारों ने जनता का जीना हराम कर दिया था। प्रदेश में फिर भाजपा की सरकार बनने जा रही है, वह भी प्रचंड बहुमत वाली सरकार बनेगी।

योगी सरकार ने विकास को दी प्राथमिकता
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि 10 मार्च को क्या रिजल्ट आने वाला है, यह पश्चिमी उत्तर प्रदेश ने तय कर दिया है। पिछली बार से अधिक सीटें भाजपा को अबकी मिलने जा रही है। क्योंकि यूपी की जनता पिछली सरकारों की अराजकता से ऊब चुकी है। माफियावाद, अराजकतावाद, सांप्रदायिकता आदि ने जनता का जीना हराम कर दिया था। बीते पांच साल में प्रदेश की योगी सरकार ने विकास को प्राथमिकता दी। केंद्र के साथ मिलकर विकास के नये आयाम स्थापित किये। डबल इंजन की सरकार ने विकास के नये-नये सोपान बनाएं। साथ ही गुंडाराज, माफियाराज से जनता को मुक्ति दिलायी।

यूपी हुआ अपराध मुक्त, महिलाओं की सुरक्षा का रखा ख्याल
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि सपा सरकार में आजम खां की भैंस को ढूढ़ने पुलिस चली जाती थी लेकिन किसी बेटी के साथ दुष्कर्म करने वाले को पूछते ही नहीं थे। महिलाओं, युवतियों का जीना हराम हो गया था। लेकिन बीते पांच साल में बड़ा बदलाव आया है। योगी सरकार में महिलाओं की सुरक्षा का पूरा ख्याल रखा गया और आगे भी रखा जाएगा। जनता अब यूपी को अपराध मुक्त देखना चाहती है। भाजपा के संकल्प पत्र की चर्चा करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पूर्व में भी भाजपा ने अपने किये गये सभी वादों को पूरा किया और आगे भी करेगी। रोजगार के और अन्य अवसर सृजित किये जायेंगे। उज्ज्वला योजना के तहत महिलाओं को मुफ्त सिलिंडर दिया गया। अब होली और दीपावली पर भी मुफ्त सिलिंडर दिये जायेंगे। मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के तहत 15 हजार की जगह 25 हजार की राशि दी जाएगी। सामूहिक विवाह योजना के तहत 51 हजार की जगह एक लाख दिये जायेंगे। बाजारों में पिंक टॉयलेट बनाये जायेंगे।

प्रदेश में बह रही विकास गंगा
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर आगे कहते है कि मेधावी छात्राओं को स्कूटी भी दी जाएगी। दो करोड़ टैबलेट व स्मार्ट फोन दिया जाएगा। किसानों को भी सम्मान कार्ड दिया जाएगा। एक-एक लाख रुपये क्रेडिट रहेगा। किसी भी साहूकार के पास हाथ नहीं फैलाना होगा। किसानों के प्रोडक्ट को रखने के लिए सुविधा दी जाएगी। बाजार में जब बेहतर दाम मिलेगा तो इसे किसान बेच सकेंगे। महिलाओं के स्वयं सहायता समूहों का और सशक्त व समृद्ध बनाया जाएगा। नाविकों को एक लाख के नाव पर 40 प्रतिशत सब्सिडी दी जाएगी। काशी नहीं प्रदेश और देश में बह रही विकास गंगा को और गति दी जाएगी। भाजपा की डबल इंजन की सरकार विकास के नये-नये आयाम स्थापित करेगी। इस अवसर पर काशी क्षेत्र के अध्यक्ष महेश चंद श्रीवास्तव, संजय मयूख, राष्ट्रीय प्रवक्ता केके शर्मा, प्रदेश प्रवक्ता अशोक पांडेय, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी धर्मेंद्र सिंह, काशी क्षेत्र के मीडिया प्रभारी नवरतन राठी, सह मीडिया प्रभारी संतोष सोलापुरकर मौजूद थे।

काशी ने समर्थन दिया तो देश-प्रदेश का विकास हुआ
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि काशी की जनता ने प्रेम, समर्थन, वोट देकर नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाया। पीएम मोदी ने देश को आपदा स्थिति से बाहार निकाला। वह आज विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय नेता है। यह बाबा विश्वनाथ का ही आशीर्वाद है। काशी विश्वनाथ धाम का शानदार स्वरूप निखरा है। आने वाले दिनों में अयोध्या में भी अयोध्या धाम का भव्य स्वरूप सामने होगा। बाबा धाम धर्म ही नहीं आस्था के प्रतीक है। यह पर्यटन का भी बहुत बड़ा केंद्र बन गया है। रोजगार और स्व-रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि काशी के हस्त कलाकारों की आमदनी में इजाफा हुआ है। बाबा धाम समेत तमाम कलाकृतियों की देश ही नहीं विदेशों में जबर्दस्त मांग बढ़ी है। उन्होंने कहा कि काशी ने भाजपा को जो समर्थन दिया, वह अद्भुत रहा। एक नहीं दो बार। पीएम मोदी को काशी ने समर्थन और सम्मान दिया है। इसी समर्थन की बदौलत ही देश और प्रदेश का विकास हुआ। 

UP Election Info: उत्‍तर प्रदेश व‍िधानसभा चुनाव 2022 में 403 व‍िधानसभा सीट के ल‍िए पहले चरण का मतदान 10 फरवरी, दूसरा चरण 14 फरवरी, तीसरा चरण 20 फरवरी, चौथा चरण 23 फरवरी, पांचवां चरण 27 फरवरी, छठा चरण 3 मार्च और अंतिम चरण का मतदान 7 मार्च को है। कुल 7 चरणों में होगा यूपी में चुनाव। मतगणना 10 मार्च को होगी।