साइबर फ्राड का शिकार यूपी के फिरोजाबाद के एक सरकारी शिक्षक हो गये हैं। उनके नम्बर से पुडुचेरी राज्य के मंत्रियों से गिफ्ट मांगे गये हैं। पुलिस मामले की छानबीन करते हुए यूपी आ पहुंची और मास्टर साहब को अपने साथ ले जा रही है। 

फिरोजाबादः अगर आपका व्हाट्सएप अचानक हैक हो जाये या अगर आप व्हाट्सएप नहीं भी चलाते हो फिर भी आपके नम्बर से फ्राड हो जाये, तो ऐसे में आप क्या करेंगे? दरअसल, ऐसा ही एक मामला यूपी के फिरोजाबाद जिले का सामने आया है, जिसमें एक प्राइमरी के मास्टर के नम्बर से व्हाट्सएप करके मंत्रियों से गिफ्ट मांगे गये, वह भी केन्द्र शासित प्रदेश पुडुचेरी के लेफ्टीनेन्ट गवर्नर (एलजी) तिमिलिसाई सुन्दरराजन के नाम पर। 

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

यह हुई घटना
दरअसल, पुडुचेरी में एलजी के नाम से वॉट्सऐप नंबर के जरिए मंत्रियों को मैसेज भेजकर गिफ्ट मांगे गए थे। पुडुचेरी पुलिस मामले की जांच कर रही थी। नम्बर की जांच करते-करते पुडुचेरी पुलिस फिरोजाबाद आ गई। खास बात यह है कि, जांच में वह नंबर जिला फिरोजाबाद के दीदीमई प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक मनोज शर्मा का निकला। अब पुडुचेरी पुलिस मास्टर साहब को ट्रांजिट रिमांड पर ले जाने की तैयारी में है। उधर, शिक्षक का कहना है कि, ‘मैं तो व्हाट्सएप ही नहीं चलाता। किसी ने मेरा मोबाइल हैक करके यह सब किया है।’

क्या कह रही पुडुचेरी पुलिस
पुडुचेरी पुलिस का स्पष्ट तौर पर कहना है कि, ‘केन्द्र शासित प्रदेश पुडुचेरी के उप राज्यपाल के नाम से बनाए गए व्हाट्एप एकाउंट से सरकार के कई मंत्रियों को मैसेज भेजे गए। एकाउंट की डीपी पर एलजी तिमिलिसाई सुन्दरराजन की फोटो भी लगी थी।’ लेकिन, गौर करने वाली बात यह है कि, इन मैसेज में अमेजॉन कार्ड से गिफ्ट खरीदकर भेजने को कहा गया। पुडुचेरी के लोक निर्माण विभाग मंत्री की शिकायत पर 31 जुलाई को साइबर सेल में यह केस दर्ज हुआ था।

पुडुचेरी पुलिस ने की नियमतः कार्रवाई
असल में, जिस मोबाइल नंबर पर व्हाट्सएप एकाउंट चल रहा था, वह फिरोजाबाद के दीदामई प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक मनोज शर्मा के नाम का निकला। इंस्पेक्टर संतोष कुमार के नेतृत्व में पहुंची पुडुचेरी की पुलिस टीम ने पहले जिले के अधिकारियों से संपर्क किया। उन्हें पूरे मामले की जानकारी दी। फिर, शिक्षक मनोज शर्मा को रामगढ़ थाने बुलाकर कई घंटे तक पूछताछ की गई।

शिक्षक को पुलिस ले जायेगी पुडुचेरी
अब, पुडुचेरी पुलिस को कोर्ट से ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद शिक्षक को अपने साथ ले जायेगी। साथ ही, सीओ सिटी के मुताबिक, ‘पुडुचेरी में साइबर फ्राड हुआ है। मोबाइल नंबर शहर के शिक्षक का पाए जाने के बाद पुडुचेरी पुलिस टीम आई है। शिक्षक को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर जाएगी। विवेचना पुडुचेरी पुलिस करेगी।’