बुधवार रात को ससुराल वाालों ने कथित रूप से राजकुमारी की हत्या कर दी। इसके बाद घर के पिछवाड़े में शव को बिटोड़े में रखकर जला दिया। घटना को अंजाम देकर ससुराल के लोग घर से फरार हो गये।

आगरा. अरदाया गांव में बुधवार रात एक महिला की उसके ससुराल वालों ने कथित रूप से हत्या कर दी और उसके शव को जला दिया। इंस्पेक्टर संजीव कुमार तोमर ने बताया कि मृतका के परिजनों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने पति सहित ससुराल पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों को पकड़ने का प्रयास कर रही है। अरदाया गांव के निवासी राजकुमार का करीब 10 वर्ष पूर्व नगला दानी की राजकुमारी से विवाह हुआ था। उनका एक बच्चा भी हुआ, लेकिन शादी के दो साल बाद राजकुमार की मृत्यु हो गयी। तीन साल पूर्व राजकुमारी को छोटे देवर विशाल के साथ बिठा दिया गया और वे पति-पत्नी के रूप में रहने लगे।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

फरार हैं आरोपी 
बुधवार रात को ससुराल वाालों ने कथित रूप से राजकुमारी की हत्या कर दी। इसके बाद घर के पिछवाड़े में शव को बिटोड़े में रखकर जला दिया। घटना को अंजाम देकर ससुराल के लोग घर से फरार हो गये। गुरुवार सुबह छह बजे बिटोड़े से धुंआ उठता देख मौके पर लोगों की भीड़ लग गयी। उन्होंने बिटोड़े में राजकुमारी का शव देखा। उन्होंने इसकी सूचना राजकुमारी के परिजनों को दी।

पहले भी सामने आई थी मारपीट की घटना 
सूचना मिलते ही परिजन मौके पर आ गये। परिजनों ने इसकी सूचना कंट्रोल रूम पर दी। घटनास्थल पर पुलिस विभाग के उच्चाधिकारी पहुंच गये। फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और उसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। मृतका के भाई घनश्याम एवं बनवारी ने आरोप लगाया है कि पहले भी ससुराल के लोग राजकुमारी के साथ मारपीट करते थे। 

(यह खबर न्यूज एजेंसी पीटीआई भाषा की है। एशियानेट हिंदी की टीम ने सिर्फ हेडलाइन में बदलाव किया है।)