सीएम योगी ने सोनभद्र के विकास के लिए 340 करोड़ों रुपए की लागत वाली 35 योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। साथ ही विभिन्न योजनाओं के संबंधित लाभार्थियों को प्रमाण पत्र भी दिया।

सोनभद्र (उत्तर प्रदेश). सीएम योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को सोनभद्र के उम्भा गांव पहुंचे। यहां उन्होंने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी पर निशाना साधते हुए कहा, जिस तरह उनकी (कांग्रेस) पार्टी ने गरीबों को उनके अधिकारों से वंचित रखा, क्या उसके लिए वह माफी मांगेंगी? 

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

सीएम योगी ने सोनभद्र के विकास के लिए 340 करोड़ों रुपए की लागत वाली 35 योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। साथ ही विभिन्न योजनाओं के संबंधित लाभार्थियों को प्रमाण पत्र भी दिया। उन्होंने कहा, उम्भा में जो दुखदायी घटना हुई, उसके लिए कांग्रेस ही जिम्मेदार है। कांग्रेस के कार्यकाल के दौरान ग्रामीणों की भूमि को स्मारक बनाकर छीन लिया गया था। यह कांग्रेस का पुराना पाप है, जिसे हमारी सरकार सुधार रही है।

सीएम ने क​हा, 17 जुलाई को सोनभद्र और पूरे प्रदेश के लिए एक बहुत दर्दनाक घटना के लिए जाना जाएगा। जब एक साथ उम्भा गांव में 10 लोगों की निर्मम हत्या कर दी गई थी। उस समय भी हमने कहा था कि इस घटना के तह तक जाएंगे और जो भी जिम्मेदार होगा, सभी के खिलाफ कार्रवाई करेंगे और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की भी गई। 1952 से 1955 के बीच आपके हक को छीनने का कार्य सिर्फ कांग्रेस ने किया। कांग्रेस ने आप लोगों के हक पर डाका डाला। लोगों को बंधुआ मजदूर बनाकर रखने का पाप किया। 

उन्होंने कहा, कांग्रेस के पाप का परिमार्जन करने के लिए आज हम आपके बीच में आए हैं। उसने जो पाप किया, उसकी सजा देश ने कांग्रेस को दे दी है। कांग्रेस, सपा और बसपा ने आपकी आवाज को दबाया। आपकी जमीनों पर कब्जा किया। सूबे में जब हमारी सरकार आई तो हर गरीब की सुनवाई हुई। मैं आप सब से वादा करता हूं कि हर गरीब की जमीन वापस होगी। यही नहीं, गरीबों के हक पर डकैती डालने वाले लोगों को बेनकाब करने के लिए सरकार ने एक कमेटी भी गठित कर दी है। कमेटी की रिपोर्ट आने पर बड़ी कार्रवाई होगी।

(नोट- यह खबर समाचार एजेंसी भाषा की है, एशियानेट हिंदी टीम ने सिर्फ हेडलाइन में बदलाव किया है।)