कई बार नशे की हालत में लोग कुछ ऐसी हरकत करने लगते हैं, जो उनके लिए खतरनाक हो सकता है। कजाखस्तान के युवक ने नशे में एक चिड़ियाघर में कुछ ऐसा ही किया। 

नई दिल्ली। कजाखस्तान के एक युवक ने नशे की हालत में एक ऐसा कदम उठाया जो उसके लिए जानलेवा हो सकता था, लेकिन संयोग से उसकी जान बच गई। दरअसल, वह शख्स घूमने के लिए चिडि़याघर में गया था। वहां नशे में होने के कारण जैसे ही उसने जिराफ के बाड़े को देखा, वह अंदर जाने की कोशिश करने लगा। वहां मौजूद कुछ लोगों ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माना और कूद कर बाड़े के अंदर चला गया। इसके बाद वह एक जिराफ की पीठ पर जा बैठा।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

जिराफ ने पटक दिया नीचे
युवक की इस हरकत से जिराफ को गुस्सा आ गया और उसने युवक को नीचे पटक दिया। लेकिन फिर भी युवक नहीं माना और वह दोबारा जिराफ की पीट पर चढ़ गया। इस बार जिराफ ने जोर से युवक को गिरा दिया। गिरने के बाद युवक बाड़े के एक खंभे से जा टकराया और उसे गंभीर चोट आ गई। इसके बाद वह बाड़े से बाहर निकल भागा।

पुलिस तलाश में है युवक की
'द मिरर' की ख़बर के अनुसार करीब 10 दिन पहले हुई इस घटना का वीडियो वायरल हो गया। इसके बाद पुलिस उस युवक की तलाश में लग गई है। युवक को नशे की हालत में चिड़ियाघर में जाने के लिए गिरफ्तार भी किया जा सकता है। साथ ही, पुलिस ने चिड़ियाघर के उन कर्मचारियों से भी पूछताछ की है, जिन्होंने नशे में होने के बावजूद युवक को अंदर जाने दिया।