India US Trade: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ऐलान किया है कि 7 अगस्त 2025 से भारत से आने वाली सभी चीजों पर अमेरिका 25% टैरिफ लगाएगा। इस फैसले का असर भारत से अमेरिका जाने वाले लगभग हर सामान पर पड़ेगा।

India US Trade: 7 अगस्त 2025 से अमेरिका भारत से आयात होने वाली सभी वस्तुओं पर 25 प्रतिशत टैरिफ वसूलेगा। इस फैसले की घोषणा अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने की है। इस टैरिफ की वजह से भारतीय सामान अमेरिका में महंगा हो जाएगा, जिससे वहां इसकी मांग घट सकती है। इसका सीधा असर भारत से अमेरिका को होने वाले निर्यात पर पड़ सकता है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

70 देशों पर आयात शुल्क लगाने की नई लिस्ट जारी

अमेरिका ने ‘पारस्परिक टैरिफ दरों में संशोधन’ नाम के एक आदेश के तहत करीब 70 देशों पर आयात शुल्क लगाने की नई लिस्ट जारी की है। इस लिस्ट में भारत भी शामिल है। अब 7 अगस्त 2025 से भारत से अमेरिका भेजे जाने वाले सामान पर 25 फीसदी टैरिफ यानी टैक्स लगेगा। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच व्यापार बराबरी का नहीं है। इसी वजह से भारत से आने वाले सामान पर अब अतिरिक्त टैक्स लिया जाएगा।

यह भी पढ़ें: US Tariffs: ट्रंप के आदेश के खिलाफ भारत नहीं करने जा रहा जवाबी कार्रवाई, जानें क्या है तैयारी

किन वस्तुओं पर पड़ेगा असर?

अमेरिका के नए टैरिफ से भारत के कई बड़े उद्योगों पर असर पड़ेगा। भारत अमेरिका को जो सामान भेजता है, उनमें कपड़े, ऑटो पार्ट्स, दवाइयां, मेटल से बने सामान, गहने और पेट्रोकेमिकल्स जैसे प्रोडक्ट शामिल हैं। भारत हर साल करीब 87 अरब डॉलर का सामान अमेरिका भेजता है। अब इन सामानों पर 25% टैक्स लगने से उनकी कीमत अमेरिका में बढ़ जाएगी। इससे उनकी बिक्री घट सकती है और भारतीय कंपनियों को नुकसान हो सकता है।

भारत भी दे सकता है जवाब

भारत भी अमेरिका के इस फैसले का जवाब दे सकता है। भारत अमेरिका से बड़ी मात्रा में ऊर्जा, कच्चा तेल और कोयला खरीदता है। ऐसे में भारत इन चीजों पर टैरिफ लगा सकता है। भारत ने साफ किया है कि वह अमेरिका को एक अच्छा दोस्त मानता है, लेकिन वह अपनी नीतियों में बदलाव नहीं करेगा। फिलहाल अमेरिका को भारत के साथ करीब 45.7 अरब डॉलर का व्यापार घाटा है। अमेरिका पहले भी भारत को उसके ज्यादा टैक्स को लेकर चेतावनी दे चुका है। अब अमेरिका का यह फैसला उसी चेतावनी का नतीजा माना जा रहा है।

अमेरिका के वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने क्या कहा?

अमेरिका के वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप और उनकी टीम भारत के साथ बातचीत की धीमी रफ्तार से नाराज हैं। उन्होंने कहा कि शुरुआत में भारत बातचीत को लेकर गंभीर था, लेकिन अब प्रगति धीमी हो गई है।