तालिबान ने घरों में महिलाओं को देखी जा सकने वाली खिड़कियां बनाने पर रोक लगा दी है। उनका मानना है कि इससे 'अश्लील हरकतें' बढ़ सकती हैं। महिलाओं पर पहले से ही कई पाबंदियां हैं, अब यह नया फरमान।

वर्ल्ड डेस्क। अफगानिस्तान की सत्ता पर काबिज तालिबान के सुप्रीम लीडर ने घरों में ऐसी जगह खिड़की बनाने पर रोक लगा दिया है जिससे अंदर काम कर रही महिला को देखा जा सके। उन्हें डर है कि इससे 'अश्लील हरकतें' होने की आशंका है। नगर निगम के अधिकारियों को आदेश का पालन सुनिश्चित करने का काम सौंपा गया है। अगर किसी घर में ऐसी जगह पहले से खिड़की है उसे बंद करना होगा।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

तालिबान सरकार के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने कहा कि नई इमारतों में ऐसी खिड़कियां नहीं होनी चाहिए जिनसे “आंगन, रसोई, पड़ोसी का कुआं और आमतौर पर महिलाओं द्वारा इस्तेमाल की जाने वाली अन्य जगहों” को देखा जा सके। महिलाओं को रसोई में, आंगन में या कुओं से पानी भरते हुए देखना अश्लील हरकतों को जन्म दे सकता है।

तालिबान के सत्ता में आने के बाद से महिलाओं पर बढ़ी हैं पाबंदियां

बता दें कि अफगानिस्तान में अगस्त 2021 में तालिबान के सत्ता में आने के बाद से महिलाओं पर पाबंदियां बढ़ी हैं। सार्वजनिक जगहों से महिलाओं को धीरे-धीरे हटा दिया गया है। महिलाओं को सख्त बंदिशों का पालन करना पड़ता है। उन्हें हाईस्कूल या कॉलेज में पढ़ने की इजाजत नहीं है। पढ़ने के बाद काम नहीं कर सकतीं।

तालिबान ने लड़कियों और महिलाओं के लिए प्राथमिक शिक्षा के बाद की शिक्षा पर प्रतिबंध लगा दिया है। महिलाएं रोजगार के लिए काम नहीं कर सकतीं। पार्कों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर नहीं जा सकतीं। महिलाएं अकेली या दूसरी महिला के साथ घर से निकल नहीं सकती। उसे अपने साथ परिवार के पुरुष सदस्य को रखना पड़ता है।

महिलाएं लोगों के सामने गाना नहीं गा सकती, कविता नहीं पढ़ सकतीं। घर से बाहर निकलने पर महिलाओं को अपनी आवाज नीची रखनी होती है। उन्हें पूरे शरीर को ढंकने वाला कपड़ा पहनना होता है। स्थानीय रेडियो और टेलीविजन स्टेशनों से महिलाओं की आवाजों का प्रसारण बंद कर दिया गया है।

यह भी पढ़ें- पाकिस्तान से लड़ने के लिए बढ़े 15 हजार तालिबान लड़ाके, जानें क्यों किया पलटवार?