यूके की नौसेना के पांचवीं पीढ़ी के लड़ाकू विमान एफ-35बी ने जापान में इमरजेंसी लैंडिंग की है। इससे पहले यूके के एक F-35 जेट को केरल के एयरपोर्ट पर उतरना पड़ा था। रूसी मीडिया ने बार-बार खराब होने के लिए F-35 का मजाक उड़ाया है।

F-35 Emergency Landing: 5वीं पीढ़ी के अमेरिकी लड़ाकू विमान एफ-35बी स्टील्थ फाइटर जेट (F-35B stealth fighter jet) के लिए परेशान करने वाली एक और खबर आई है। एक ब्रिटिश F-35B जेट को जापान में इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी है। रूसी मीडिया ने इसका मजाक उड़ाया है। इससे पहले यूके की नौसेना के एक F-35B जेट को केरल में उतरना पड़ा था। लंबे समय तक खराब रहने के बाद वह उड़ पाया था।

ब्रिटिश F-35B जेट को रविवार को दक्षिण-पश्चिमी जापान के कागोशिमा एयरपोर्ट पर खराबी के कारण इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। न्यूज एजेंसी एएनआई के अनुसार, यह घटना सुबह लगभग 11:30 बजे (स्थानीय समयानुसार) हुई। इसके कारण रनवे लगभग 20 मिनट के लिए बंद रहा। कई व्यावसायिक उड़ानों को देर हुई। किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

लड़ाकू विमान में खराबी उस समय हुई जब ब्रिटिश नौ सेना जापान की समुद्री आत्मरक्षा सेना और अमेरिकी सेना के साथ एक संयुक्त अभ्यास में भाग ले रही थीं। ब्रिटेन ने अभ्यास के लिए पश्चिमी प्रशांत क्षेत्र में विमानवाहक पोत एचएमएस प्रिंस ऑफ वेल्स भेजा है।

14 जून को केरल में उतरा था एफ-35बी विमान

बता दें कि 14 जून को एचएमएस प्रिंस ऑफ वेल्स के एक और ब्रिटिश एफ-35बी विमान को हाइड्रोलिक खराबी के कारण केरल के तिरुवनंतपुरम एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी थी। मरम्मत पूरी होने से पहले यह विमान 5 सप्ताह से ज्यादा समय तक जमीन पर ही रहा।

Scroll to load tweet…

यह भी पढ़ें- सबसे एडवांस F-35 Jet Crash से दांव पर अमेरिकी इज्जत, ऑर्डर देने वालों में टॉप पर यूके-जापान

रूसी सरकारी मीडिया ने उड़ाया F-35 का मजाक

जापान में F-35 की इमरजेंसी लैंडिंग को चीनी और रूसी सरकारी मीडिया ने खूब उछाला है। रूसी न्यूज एजेंसी स्पुतनिक ने तो मजाक उड़ाया है। स्पुतनिक इंडिया अकाउंट से X पर पोस्ट किया गया, "ब्रिटिश F-35 ने फिर से इमरजेंसी लैंडिंग की...। भारत में एक F-35 के फंसे होने के कुछ ही सप्ताह बाद, एक और F-35 को जापान के कागोशिमा एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग के लिए मजबूर होना पड़ा। इमरजेंसी लैंडिंग को स्मृति चिन्हों की तरह इकट्ठा किया जा रहा है।"