पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान (Imran Khan) ने कहा है कि पाकिस्तान को भी भारत की तरह रूस से सस्ता कच्चा तेल खरीदना चाहिए। हमारी सरकार ने ऐसा करने की कोशिश की थी।

इस्लामाबाद। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री की कुर्सी पर रहने के दौरान भारत के खिलाफ जहर उगलने का एक भी मौका नहीं गंवाने वाले पूर्व पीएम इमरान खान (Imran Khan) सत्ता जाने के बाद से भारत की प्रशंसा कर रहे हैं। भारत की तारीफ करते-करते उनकी जुबान नहीं थक नहीं है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

इसी क्रम में PTI (Pakistan Tehreek-e-Insaf) के प्रमुख इमरान खान ने एक बार फिर भारत की विदेश नीति की सराहना की है। उन्होंने कहा है कि हमें भी भारत की तरह रूस से सस्ता कच्चा तेल खरीदना था। अविश्वास प्रस्ताव लाकर हमारी सरकार को गिरा दिया गया, जिससे हम रूस से तेल नहीं खरीद पाए।

रूस गए थे इमरान खान

अपने वीडियो संदेश में इमरान ने कहा, "हम रूस से सस्ता कच्चा तेल खरीदना चाहते थे जैसा भारत कर रहा है, लेकिन ऐसा नहीं हो सका। दुर्भाग्य से अविश्वास प्रस्ताव के चलते हमारी सरकार गिर गई।" दरअसल इमरान खान पीएम रहने के दौरान रूस गए थे। 23 साल बाद कोई पाकिस्तानी पीएम रूस पहुंचा था। इसके बाद भी इमरान आर्थिक संकट का सामना कर रहे अपने देश के लिए कोई राहत लेने में कामयाब नहीं हो पाए थे।

पाकिस्तान की आर्थिक हालत है खराब

इन दिनों पाकिस्तान अपने सबसे खराब आर्थिक संकट का सामना कर रहा है। पाकिस्तान के पास तेल आयात करने के लिए डॉलर नहीं हैं। इसे देखते हुए इमरान खान बार-बार कह रहे हैं कि पाकिस्तान को भी भारत की तरह रूस से सस्ता कच्चा तेल खरीदना चाहिए। यूक्रेन जंग के बाद रूस पर अमेरिका और उसके सहयोगी देशों ने सख्त प्रतिबंध लगा दिया है, जिसके चलते रूस ने कम कीमत पर सस्ता तेल बेचना शुरू किया था।

भारत से बाहर मोदी की कितनी संपत्ति है?

यह पहली बार नहीं है जब इमरान खान ने भारत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ की हो। सितंबर 2022 में एक जनसभा में इमरान खान ने कहा था, "नवाज शरीफ के अलावा दुनिया में कोई ऐसा नेता नहीं है जिसकी अरबों रुपए की संपत्ति दूसरे देशों में हो। मुझे किसी एक देश का नाम बताओ, जिसका प्रधानमंत्री या नेता अपनी अरबों रुपए की संपत्ति विदेश में रखता हो। यहां तक कि हमारे पड़ोस में भी ऐसा नहीं होता। भारत से बाहर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कितनी संपत्ति है?"

यह भी पढ़ें- ग्रीस-माल्टा के बीच भटक रहा 400 प्रवासियों से भरा समुद्री जहाज, कैप्टन भागा, निचले डेक में भरा पानी

इससे पहले मई 2022 में इमरान खान ने कहा था, "भारत क्वाड का हिस्सा है। इसके बाद भी वह अमेरिका के दबाव में नहीं आता। वह अपने लोगों के हित के लिए रूस से कच्चा तेल खरीद रहा है। हमारी सरकार ने भी स्वतंत्र विदेश नीति अपनाने और भारत की तरह रूस से कच्चा तेल खरीदने की कोशिश की थी।"

यह भी पढ़ें- अमेरिका पहुंचीं वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, वर्ल्ड बैंक की बैठक में होंगी शामिल, ट्रेजरी सचिव से करेंगी बात