Jakarta School Mosque Explosion: जकार्ता के एक स्कूल परिसर में बनी मस्जिद में शुक्रवार की नमाज़ के दौरान धमाका हुआ, जिसमें 54 लोग घायल हो गए। घायलों में अधिकतर बच्चे बताए जा रहे हैं। पुलिस को मौके से AK-47 और बुलेटप्रूफ जैकेट मिले हैं।

Indonesia Mosque Blast: इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता से एक बड़ी घटना सामने आई है। शुक्रवार की नमाज के दौरान एक मस्जिद में अचानक बम ब्लास्ट हो गया। इस धमाके में 54 लोग घायल हुए हैं। चश्मदीदों के अनुसार, जैसे ही नमाज़ शुरू हुई, कुछ ही मिनटों बाद जोरदार विस्फोट हुआ और मस्जिद में चीख-पुकार मच गई। घायलों में ज्यादातर स्कूल के बच्चे शामिल हैं। सभी को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कई की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

स्कूल परिसर में बनी मस्जिद की घटना

यह मस्जिद नॉर्थ जकार्ता के SMA इलाके में स्थित एक स्कूल कैंपस के अंदर है। यहां हर शुक्रवार आसपास के लोग और बच्चे नमाज के लिए इकट्ठा होते हैं। इसी दौरान धमाका हुआ और माहौल पूरी तरह दहशत में बदल गया। धमाके के बाद पूरे परिसर में भगदड़ मच गई। जो जहां था, वो भागने लगा। कई बच्चे दौड़ते समय भी घायल हुए।

पुलिस को घटनास्थल से हथियार भी मिले

जांच के दौरान पुलिस को मस्जिद के अंदर से AK-47 राइफल और बुलेटप्रूफ जैकेट भी मिले हैं। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि सिर्फ धमाका करने की नहीं बल्कि आगे फायरिंग करने की भी योजना थी। स्थानीय अधिकारियों ने इस घटना को आतंकी हमला बताया है। अभी यह जांच जारी है कि हमलावर कौन थे, कैसे परिसर के अंदर पहुंचे और उनका टारगेट खासतौर पर बच्चे क्यों थे। इसके फुटेज भी सामने आए हैं। इनमें मस्जिद के फर्श पर खून फैला हुआ नजर आया है।

इंडोनेशिया में कौन-से आतंकी ग्रुप हैं?

इंडोनेशिया में हाल के कुछ सालों में सबसे सक्रिय आतंकी संगठन जमाअह अंशारुत दौलाह (JAD) है। इसकी स्थापना साल 2015 में की गई थी और यह संगठन इस्लामिक स्टेट (ISIS) से प्रभावित है। फिलहाल करीब 2,000 से ज्यादा लड़ाके इंडोनेशिया के अलग-अलग हिस्सों में सक्रिय होने की जानकारी मिलती रही है।

इंडोनेशिया में हमले पर पूरी दुनिया की नजर

इंडोनेशिया दुनिया का सबसे बड़ा मुस्लिम देश है। 27.8 करोड़ आबादी में से लगभग 23 करोड़ लोग मुस्लिम हैं। ऐसे में मस्जिद को टारगेट किया जाना, वह भी स्कूल परिसर में, कई सवाल खड़े कर रहा है। दुनिया की नजर इस पर है। इंडोनिया सरकार ने भी एजेंसियों को अलर्ट किया है।

इसे भी पढ़ें- अफगान-पाकिस्तान सीमा पर फिर गोलीबारी, इस्तांबुल वार्ता के बीच बढ़ा तनाव

इसे भी पढ़ें-भारत-पाक युद्ध पर ट्रंप का बड़ा दावा, कहा- 7 नहीं बल्कि 8 विमान गिराए...