उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग (Kim Jong Un) अपने देश की महिलाओं से अधिक बच्चे पैदा करने की अपील करते वक्त भावुक हो गए। उनकी आंखों से आंसू बहने लगे। इस घटना का वीडियो वायरल हो गया है।

नई दिल्ली। उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन (Kim Jong Un) के आंसू बहाने का वीडियो सामने आया है। किम जोंग ने अपने देश की महिलाओं से अपील की कि वे अधिक बच्चे पैदा करें। इस दौरान वह भावुक हो गए और आंसू पोछते देखे गए।

किम जोंग ने उत्तर कोरिया में गिरती जन्म दर से निपटने का आग्रह किया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में किम जोंग को आंसू पोंछते देखा जा सकता है। इस दौरान कार्यक्रम में मौजूद कई लोग भी आंसू बहाते नजर आ रहे हैं।

प्योंगयांग में माताओं के लिए आयोजित एक कार्यक्रम में किम ने कहा, "जन्म दर में गिरावट को रोकना और बच्चों की अच्छी देखभाल करना हमारी जिम्मेदारी है। जब मुझे पार्टी और देश के काम से निपटने में कठिनाई होती है तो मैं भी हमेशा माताओं के बारे में सोचता हूं।"

Scroll to load tweet…

1.8 है उत्तर कोरिया में प्रजनन दर

दरअसल, उत्तर कोरिया में आबादी घट रही है। संयुक्त राष्ट्र जनसंख्या कोष के अनुमान के अनुसार 2023 में उत्तर कोरिया में प्रजनन दर या एक महिला से पैदा होने वाले बच्चों की औसत संख्या 1.8 है। हाल के वर्षों में इसमें गिरावट आई है।

दक्षिण कोरिया का प्रजनन दर है 0.78

उत्तर कोरिया के कुछ पड़ोसी देश भी प्रजनन दर कम होने की समस्या से जूझ रहे हैं। उत्तर कोरिया का प्रजनन दर उनसे बेहतर है। दक्षिण कोरिया में पिछले साल प्रजनन दर गिरकर 0.78 के रिकॉर्ड निचले स्तर पर आ गई। जापान में यह आंकड़ा घटकर 1.26 रह गया है। दक्षिण कोरिया में घटती जन्म दर के कारण बाल रोग विशेषज्ञों की कमी हो गई है। यहां लोगों को शादी करने और बच्चे पैदा करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।

भोजन की कमी से जूझ रहा उत्तर कोरिया

उत्तर कोरिया की आबादी करीब 2.5 करोड़ है। यहां के लोगों को हाल के दशकों में भोजन की गंभीर कमी से जूझना पड़ा है। यहां 1990 के दशक में घातक अकाल आया था। इसके साथ ही यहां अक्सर बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदाएं भी आती हैं। इससे फसलों को नुकसान पहुंचता है।