लादेन का बेटा हमजा बिन लादेन (30) मारा गया है। हमजा अमेरिका द्वारा चलाए जा रहे आतंक रोधी अभियान में मारा गया। उस पर 10 लाख डॉलर का इनाम घोषित किया गया था। 

लंदन। ओसामा बिन लादेन का बेटा हमजा बिन लादेन (30) मारा गया है। हमजा अमेरिका द्वारा चलाए जा रहे आतंक रोधी अभियान में मारा गया। उस पर 10 लाख डॉलर का इनाम घोषित किया गया था। व्हाइट हाउस की ओर से जारी बयान के मुताबिक, 'हमजा के मारे जाने से न सिर्फ अलकायदा में लीडरशिप की कमी हो गई है, बल्कि आतंकी संगठन के कई अभियान भी कमजोर पड़ जाएंगे। बता दें कि हमजा ने 9 सितंबर 2001 को अमेरिका के वर्ल्ड ट्रेड सेंटर पर हुए हमले में शामिल आतंकी मोहम्मद अता की बेटी से शादी की थी। अता विमान को हाईजैक करने वाले आतंकियों का चीफ था।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

लादेन के सौतेले भाइयों ने की थी हमजा की शादी की पुष्टि : 
ओसामा बिन लादेन के सौतेले भाइयों अहमद और हसन ने ब्रिटिश अखबार द गार्जियन से इस बात की पुष्टि की थी। उन्होंने बताया था, "हमजा अल कायदा में सीनियर पद पर पहुंच गया है। वह अपने पिता ओसामा की मौत का बदला लेने के लिए काम कर रहा है। हमें जानकारी मिली है कि उसने शादी कर ली है। हमें ये ठीक से नहीं पता कि वह कहां है? लेकिन वह अफगानिस्तान में हो सकता है।" अमेरिकी सेना ने ओसामा को पाकिस्तान के एबटाबाद में 2 मई 2011 को मार गिराया था।

कई साल से खुफिया एजेंसियों की नजर में था हमजा : 
हमजा ने जब से अमेरिका, ब्रिटेन, फ्रांस और इजरायल को जंग की धमकी दी थी तभी से उसे अलकायदा का डिप्टी चीफ माना जाने लगा था। पिछले कुछ साल से कई देशों की खुफिया एजेंसियां उस पर नजर बनाए थीं। हमजा ओसामा की उन तीन जिंदा बची बीवियों में से एक का बेटा था, जो लादेन की मौत के वक्त उसके साथ रह रही थीं। ओसामा की मौत के बाद उसकी पत्नियां और बच्चे सऊदी अरब लौट गए थे। जहां उन्हें पूर्व क्रॉउन प्रिंस मोहम्मद बिन नायेफ ने शरण दी थी। 

लादेन की मां आज भी उसे बेकसूर मानती है : 
ओसामा बिन लादेन की मां आलिया खानम अपने बेटे ओसामा बिन लादेन को बेकसूर मानती है। कुछ साल पहले द गार्जियन को दिए इंटरव्यू में आलिया ने कहा था, "ओसामा अच्छा बच्चा था, कुछ लोगों ने उसका ब्रेन वॉश कर दिया था।'' आलिया आज भी अपने बेटे को 9/11 हमले का जिम्मेदार नहीं मानती है।