बेनिन में सैनिकों के एक सशस्त्र समूह ने टीवी पर लाइव आकर सरकार भंग करने और लेफ्टिनेंट कर्नल पास्कल टिग्री को नया प्रमुख नियुक्त करने का ऐलान किया। सरकार ने तख्तापलट को नाकाम बताया। पश्चिम अफ्रीका में स्थित बेनिन कई बार तख्तापलट झेल चुका है।

Benin Political Crisis: अफ्रीकी महाद्वीप के एक और देश में तख्तापलट की खबर आ रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, बेनिन में रविवार को सैनिकों के एक सशस्त्र ग्रुप ने टीवी पर लाइव आकर वर्तमान सरकार को भंग करने का ऐलान कर दिया। "मिलिट्री कमेटी फॉर रिफाउंडेशन" नाम के एक ग्रुप ने देश के राष्ट्रपति और सभी संवैधानिक संस्थाओं को तत्काल प्रभाव से हटाने का ऐलान किया। इस ग्रुप ने लेफ्टिनेंट कर्नल पास्कल टिग्री को अपना नया प्रमुख नियुक्त किया है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

बेनिग के गृह मंत्री ने तख्तापलट की कोशिश को बताया नाकाम

एक फोटो सामने आई है, जिसमें 8 सैनिक स्टेट टेलीविजन पर खड़े दिखे। इस दौरान ऐलान किया गया कि कर्नल टिग्री पास्कल के नेतृत्व में गठित एक सैन्य समिति ने बेनिन की सत्ता संभाल ली है। हालांकि, बेनिन सरकार के गृह मंत्री ने बताया कि सशस्त्र बलों ने इस कोशिश को वक्त रहते नाकाम कर दिया है। फिलहाल पैट्रिस टैलोन बेनिन के राष्ट्रपति हैं, जबकि मरियम चाबी तलता जिमे येरिमा उपराष्ट्रपति हैं।

कई बार पॉलिटिकल संकट झेल चुका बेनिन

  •  1 अगस्त, 1960 को फ्रांस से आजाद होने के बाद बेनिन कई तख्तापलट झेल चुका है। हालांकि 1991 के बाद देश में राजनीतिक स्थिरता बनी रही।
  • एक संप्रभु राज्य के रूप में बेनिन में लोकतांत्रिक सरकारें, सैन्य तख्तापलट और सैन्य सरकारें रही हैं। 1975 और 1990 के बीच पीपुल्स रिपब्लिक ऑफ बेनिन नामक एक स्व-घोषित मार्क्सवादी-लेनिनवादी राज्य अस्तित्व में था। 1991 में इसे बहुदलीय बेनिन गणराज्य द्वारा हटा दिया गया।
  •  बेनिन को पहले दाहोमी के नाम से जाना जाता था। पश्चिम अफ्रीका में स्थित इस देश की सीमा पश्चिम में टोगो , पूर्व में नाइजीरिया, उत्तर-पश्चिम में बुर्किना फासो और उत्तर-पूर्व में नाइजर से लगती है।
  •  कोटोनोउ बेनिन का सबसे ज्यादा आबादी वाला और बड़ा शहर है। इसकी जनसंख्या करीब 20 लाख है। वहीं, राजधानी पोर्टो-नोवा में है, जो देश का दूसरा बड़ा शहर है। बेनिन में अब भी फ्रेंच भाषा बोली जाती है।
  •  बेनिन में कई जातीय समूह रहते हैं, जिनमें फॉन, अदजा, योरूबा, बारिबा, फुला, ओट्टामारी, डेंडी शामिल हैं।
  •  बेनिन में सबसे ज्यादा 52.2% ईसाई धर्म के लोग हैं। इसके बाद 24.6% इस्लाम को मानने वाले हैं।