पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल कमर जावेद बाजवा (Qamar Javed Bajwa) एक्सटेंशन नहीं लेंगे। वह अगले महीने रिटायर हो जाएंगे। वह छह साल से सेना प्रमुख के पद पर बने हुए हैं।

इस्लामाबाद। पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल कमर जावेद बाजवा (Qamar Javed Bajwa) अगले महीने रिटायर हो जाएंगे। उन्हें प्रोजेक्ट इमरान खान के तहत इमरान को पाकिस्तान का प्रधानमंत्री बनाने और उसके बाद देश में हुई बदहाली के चलते काफी आलोचना का सामना करना पड़ा है। सत्ता से हटाए जाने के बाद इमरान खान ने भी उनपर निशाना साधा है, जिससे उनके लिए शर्मनाक स्थिति पैदा हो गई थी।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

शुक्रवार को बाजवा ने कहा कि वह पांच सप्ताह में रिटायर हो रहे हैं। वे अपनी सेवा में विस्तार की मांग नहीं करेंगे। जनरल बाजवा का कार्यकाल 29 नवंबर को समाप्त होने के बाद प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ नए सेना प्रमुख का चयन करेंगे। सरकार ने घोषणा की है कि बाजवा के उत्तराधिकारी को संविधान के अनुसार और तय वक्त पर नियुक्त किया जाएगा। 

छह साल से सेना प्रमुख हैं बाजवा
दरअसल, पाकिस्तान में सत्ता पर असली कब्जा सेना का है। यहां रिटायरमेंट की उम्र होने पर सेना प्रमुख के लिए रिटायर हो जाने का तय रिवाज नहीं है। सेना प्रमुख अपनी ताकत का इस्तेमाल कर सरकार से अपना कार्यकाल बढ़ाने का फैसला करा लेते हैं। बाजवा ने भी कुछ ऐसा ही किया है। कार्यकाल बढ़ाए जाने के चलते वह छह साल से पाकिस्तानी सेना के शीर्ष पद पर बने हुए हैं। 

सेना प्रमुख के पद पर बाजवा की नियुक्ति 2016 में हुई थी। तीन साल के कार्यकाल के बाद इमरान खान की सरकार ने 2019 में उन्हें अगले तीन साल के लिए एक्सटेंशन दे दिया था। सितंबर पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने जल्द चुनाव कराने की मांग की थी। इसके साथ ही उन्होंने कहा था कि नई सरकार चुने जाने तक जनरल बाजवा के कार्यकाल को विस्तार दिया जाना चाहिए। इस महीने की शुरुआत में लंदन में पाकिस्तान मुस्लिम लीग नवाज (पीएमएल-एन) के सुप्रीमो नवाज शरीफ से बाजवा की मुलाकात हुई थी। इसके बाद कयास लगाए जा रहे थे कि उन्हें एक और कार्यकाल मिल सकता है।