पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री ने माना, भारत ने ऑपरेशन सिंदूर में उनके दो एयरबेस पर हमला किया था। सऊदी अरब ने दोनों देशों के बीच तनाव कम करने में मदद की।

Operation Sindoor: पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री इशाक डार ने पुष्टि की है कि भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान के दो महत्वपूर्ण एयरबेस पर हमला किया था। ये एयरबेस रावलपिंडी में नूर खान एयरबेस और शोरकोट एयरबेस हैं। भारत ने ये हमले 7 मई को किए थे।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

भारत के हमले से हुए भारी नुकसान को लेकर पाकिस्तान की सरकार और सेना ने कई बार झूठ बोला है। कहा है कि उन्हें अधिक नुकसान नहीं पहुंचा। अब इशाक डार ने सच्चाई सामने ला दी है। पाकिस्तानी न्यूज चैनल Geo News से बात करते समय डार ने खुलासा किया कि पाकिस्तान पलटवार करने की तैयारी कर रहा था तभी भारत ने हमला कर दिया था। इसका मतलब है कि भारत ने इतनी तेजी से कार्रवाई की कि पाकिस्तान हैरान रह गया।

Scroll to load tweet…

इशाक डार ने कहा, "भारत के हमले के बाद प्रधानमंत्री ने सेनाओं को जवाबी हमला करने की मंजूरी दी थी। यह तय हो गया था कि हमें किस तरह जवाब देना है। हम 7 मई की सुबह 4 बजे के बाद हमला करने वाले थे, लेकिन बदकिस्मती रही कि भारत ने 6-7 मई की रात ही 2.30 बजे नूर खान एयरबेस और शोरकोट एयरबेस पर अटैक कर दिया।"

सऊदी प्रिंस फैसल बिन सलमान ने की थी इशाक डार से बात

डार ने यह भी खुलासा किया कि भारत द्वारा किए गए हमलों के ठीक 45 मिनट के भीतर सऊदी प्रिंस फैसल बिन सलमान ने खुद उनसे संपर्क किया। डार ने कहा, "सऊदी प्रिंस फैसल बिन सलमान ने फोन करके पूछा कि क्या वह जयशंकर को बता सकते हैं कि पाकिस्तान रुकने के लिए तैयार है। प्रिंस स्थिति को शांत करने के लिए पाकिस्तान की ओर से भारतीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर से बात करना चाहते थे।"

भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव कम करने की कोशिश में सऊदी अरब ने शांत लेकिन महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। डार ने कहा कि भारत के और हमले रुकवाने की उम्मीद में पाकिस्तान ने अमेरिका से भी संपर्क किया था।

पहलगाम आतंकी हमले का बदला लेने के लिए शुरू हुआ था ऑपरेशन सिंदूर

बता दें कि पाकिस्तान समर्थित आतंकवादियों ने 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हमला किया था। 26 लोगों की हत्या कर दी थी। इससे पूरे भारत में गुस्सा था। भारत की सेनाओं ने इस हमले का बदला 6-7 मई की रात ऑपरेशन सिंदूर से लिया था।

भारत ने पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में स्थित आतंक के 9 अड्डों को तबाह किया था। इसके बाद साफ कहा था कि हमने आतंकवादियों के खिलाफ कार्रवाई की है। लड़ाई को आगे नहीं बढ़ाना चाहते। पाकिस्तान ने 7 मई की रात ड्रोन और मिसाइलों से हमला किया। भारत के एयर डिफेंस सिस्टम ने इस हमले को नाकाम कर दिया था। इसके बाद 10 मई तक दोनों देशों के बीच सैन्य संघर्ष चला था।