पाकिस्तान के सिंध प्रांत में लड़की के घर से भाग जाने से नाराज गांव के करीब 400 लोगों ने हथियारों से लैस होकर लड़के के गांव पर हमला किया और दो पुरुषों की हत्या कर दी। इस दौरान दो महिलाओं और एक लड़की को अगवा कर लिया गया।

कराची। पाकिस्तान के सिंध प्रांत में शुक्रवार को चौंकाने वाली घटना घटी। बंदूक लिए करीब चार सौ लोगों ने एक गांव पर हमला किया। हथियारबंद लोगों ने दो लोगों की हत्या कर दी और तीन महिलाओं को अगवा कर लिया। यह घटना गांव की एक लड़की के दूसरे गांव के लड़के के साथ भाग जाने के प्रतिशोध में हुई।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

मामला सुक्कुर की है। पाकिस्तान के न्यूज वेबसाइट ट्रिब्यून की रिपोर्ट के अनुसार ग्रामीण अब्दुल रहीम कल्होरो ने कहा, "हमारे घरों पर हमला हुआ। दो पुरुषों को मार दिया गया। हमलावर दो महिलाओं और एक लड़की को अगवा कर ले गए। तीन अन्य लोग इस घटना में घायल हुए हैं।

हमले के जवाब में पुलिस ने सिंधु नदी के किनारे काचा इलाके में अभियान चलाया और अपहृत महिलाओं व लड़की को सफलतापूर्वक बरामद करने का दावा किया। हालांकि, सूत्रों ने संकेत दिया कि ऑपरेशन के दौरान कोई गिरफ्तारी नहीं हुई। ग्रामीणों ने पुलिस की कार्यशैली पर भी निराशा व्यक्त की है। करीब 400 हथियारबंद लोग चार पुलिस स्टेशनों और कई सुरक्षा चौकियों को पारकर हमला करने आए, लेकिन उन्हें रोका नहीं गया।

लड़की के घर से भागने के चलते हुई घटना

हमलावरों के गांव की एक लड़की उस गांव के लड़के के साथ घर से भाग गई थी जिसपर हमला किया गया। लड़की एक दिन पहले भागी थी। कल्होरो ने कहा कि हमने महार जनजाति को आश्वासन दिया था कि लड़की को तीन दिनों के भीतर वापस लाया जाएगा। हमने उन्हें यह भी आश्वासन दिया कि जुर्माना भी अदा किया जाएगा।

यह भी पढ़ें- अफगानिस्तान की सरकार ने बताया क्यों उसे मंजूर नहीं महिलाओं का सजना-संवरना, क्यों ब्यूटी पार्लर पर लगाया ताला

इस घटना के बाद से गांव के लोगों में सरकार और पुलिस के खिलाफ आक्रोश है। लोग सिंध सरकार और पुलिस से हमले के लिए जिम्मेदार अपराधियों को जल्द पकड़ने की मांग कर रहे हैं। कल्होरो ने कहा कि हम गरीब और असहाय लोग हैं। ऐसा लगता है कि हमारे जैसे लोगों को यहां रहने का कोई अधिकार नहीं है।