पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में बाइक सवार एक आतंकी ने सेना के काफिले पर आत्मघाती हमला किया। इस हमले में 9 जवानों की मौत हो गई और 5 घायल हो गए।

खैबर पख्तूनख्वा। पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में गुरुवार को सेना के काफिले पर सुसाइड अटैक हुआ है। इस हमले में 9 जवानों की मौत हो गई और पांच गंभीर रूप से घायल हो गए। हमला बन्नू जिला के जानी खेल जनरल एरिया में हुआ।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

पाकिस्तानी सेना के मीडिया विभाग ISPR (Inter-Services Public Relations) ने बताया है कि आत्मघाती हमलावर बाइक पर सवार होकर आया था। वह काफिले के करीब गया और खुद को उड़ा लिया। इस हमले में 9 सैनिकों की मौत हो गई। इनमें नायब सूबेदार सनोबर अली भी शामिल थे।

इलाके को सुरक्षा बलों ने घेरा

ISPR ने कहा है कि इलाके को सुरक्षा बलों ने घेर लिया है। आतंकियों के खात्मे के लिए कार्रवाई की जा रही है। पाकिस्तान की सेना आतंकवाद के खतरे को खत्म करने के लिए दृढ़ संकल्पित है। हमारे बहादुर सैनिकों के ऐसे बलिदान हमारे संकल्प को और मजबूत करते हैं। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री अनवारुल हक काकर ने हमले की निंदा की है। उन्होंने जवानों की मौत पर दुख जताया है। उन्होंने ट्वीट किया, "केपी के बन्नू डिवीजन में एक कायरतापूर्ण आतंकवादी हमले में 9 बहादुर सैनिकों की मौत से दिल टूट गया है। इस हमले में कई लोग घायल हुए हैं।"

TTP के साथ संघर्ष विराम खत्म होने के बाद बढ़े हैं आतंकी हमले

गौरतलब है कि पाकिस्तान में पिछले कुछ समय में आतंकी हमले बढ़े हैं। प्रतिबंधित आतंकी संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान के साथ सरकार ने संघर्ष विराम किया था। यह पिछले नवंबर को खत्म हो गया। इसके बाद से आतंकी हमले बढ़े हैं। बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा में इसका अधिक असर देखने को मिल रहा है। 22 अगस्त को भी वजीरिस्तान में आतंकी हमला हुआ था। इसमें छह सैनिकों की मौत हुई थी।

यह भी पढ़ें- नवाज शरीफ के सिक्योरिटी गार्ड पर क्यों दर्ज हुई शिकायत? लंदन पुलिस कर रही मामले की जांच

पिछले दिनों बलूचिस्तान के झोब और सुई क्षेत्रों में अलग-अलग सैन्य अभियानों के दौरान 12 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए थे। यह आतंकवादी हमलों में एक दिन में सैनिकों की सबसे अधिक मौतें थी। इससे पहले फरवरी 2022 में बलूचिस्तान के केच में एक दिन में 10 सैनिकों की मौत हुई थी।