बलूचिस्तान (Balochistan) में जाफर एक्सप्रेस (Jaffar Express) पर आतंकी हमला! यात्रियों ने सुनाई दहशत भरी कहानी, मंजर कयामत जैसा था। बंदूकधारियों ने पहचान पत्र देखकर पंजाबियों को अगवा किया।

Jaffar Express Attack: पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने मंगलवार को जाफर एक्सप्रेस (Jaffar Express) पर हमला किया। इस ट्रेन की 9 बोगियों में 425 यात्री सवार थे। पाकिस्तानी सुरक्षाबलों के अनुसार 155 यात्रियों को बचा लिया गया है। 27 आतंकी मारे गए हैं। दूसरी ओर BLA ने कहा है कि 30 से अधिक सुरक्षाकर्मी मारे गए हैं। 214 लोगों को बंधक बनाया गया है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

BLA ने परिवार के साथ यात्रा कर रहे लोगों को छोड़ दिया है। मुक्त किए गए लोगों ने बताया है कि किस तरह घटना घटी। यात्रियों ने बताया कि लगा जैसे कयामत का दिन आ गया है। भीषण गोलीबारी हुई। हर जगह दहशत थी। पाकिस्तान के ARY न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार यात्रियों में से एक मुहम्मद अशरफ ने कहा, "ऐसा लगा जैसे कयामत आ गया हो। हर जगह दहशत था। हमलावरों ने महिलाओं और बुजुर्ग यात्रियों को नुकसान नहीं पहुंचाया। हमलावरों की संख्या 100 से अधिक थी।"

विस्फोट के बाद भीषण गोलीबारी हुई

एक महिला यात्री ने कहा, "हम जाफर एक्सप्रेस में बैठे थे तभी अचानक धमाका हुआ। ट्रेन रुकी तो हमें बाहर निकलने के लिए कहा गया। हमले के बाद हमें दो घंटे तक पैदल चलना पड़ा।" यात्री नूर मुहम्मद ने कहा, "विस्फोट के बाद, भीषण गोलीबारी हुई। हमें अपनी जान बचाने के लिए भागना पड़ा।" एक अन्य यात्री मुहम्मद बिलाल ने कहा, "मैं बयां नहीं कर पा रहा कि कैसे बचा। यह भयानक था।"

बंदूकधारियों ने पहचान पत्र देखा, पंजाबियों को ले गए

एक यात्री ने बताया कि बंदूकधारियों ने पहचान पत्र की जांच की। मेरे सामने दो सैनिकों को गोली मार दी। अन्य चार को ले गए। मुझे नहीं पता कहां। जो लोग पंजाबी थे उन्हें आतंकवादी उठा ले गए।" एक अन्य यात्री ने कहा, "धमाके के बाद हमें पता ही नहीं चला कि क्या हो रहा है। हथियारबंद लोगों ने ट्रेन में यात्रियों के पहचान पत्र चेक किए।"