दुनिया में एक से बढ़कर एक महंगे हीरे मौजूद हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं वर्ल्ड की सबसे महंगी अंगूठी की कीमत कितनी है। बता दें कि इस अंगूठी की कीमत इतनी है कि इसमें बड़े आराम से 626 मर्सडीज कार खरीदी जा सकती हैं।
World Most Expensive Diamond Rings: दुनियाभर के तमाम अमीर लोग सगाई में अपनी मंगेतर को एक से बढ़कर एक डायमंड रिंग पहनाते हैं, जिनकी कीमत करोड़ों में होती है। लेकिन क्या आप जानते हैं, दुनिया की सबसे महंगी हीरे की अंगूठी की कीमत कितनी है। इस अंगूठी में दुनिया के कुछ सबसे बड़े हीरों से तराशे गए पत्थर जड़े हैं। जानते हैं वर्ल्ड की सबसे महंगी 10 डायमंड रिंग्स के बारे में।
1- द पिंक स्टार (The Pink Star)
कीमत: ₹626 करोड़
इस खूबसूरत अंगूठी में 59.60 कैरेट का ओवल शेप फैंसी विविड पिंक हीरा लगा है, जो अपनी असाधारण गुणवत्ता और दुर्लभता के लिए जाना जाता है। इसे 2017 में हांगकांग में हुई एक नीलामी में सोथबी द्वारा 71.2 मिलियन डॉलर यानी 626 करोड़ रुपए में बेचा गया था। तब से इसके पास दुनिया की सबसे महंगी अंगूठी का रिकॉर्ड है। इसकी कीमत इतनी है कि इसमें बड़े आराम से Mercedes-Benz GLE (कीमत करीब 1 करोड़ रुपए) जैसी 626 कार खरीदी जा सकती हैं।
ये भी पढ़ें : ये हैं दुनिया के 10 सबसे महंगे पिज्जा, कीमत सुनकर ही भाग जाएगी भूख
2- द विलियमसन पिंक स्टार (The Williamson Pink Star)
कीमत: ₹507 करोड़
इस अंगूठी में 11.15 कैरेट का कुशन-कट फैंसी विविड पिंक हीरा जड़ा है। ये अंगूठी 2022 में हांगकांग में सोथबी की नीलामी में 57.7 मिलियन डॉलर यानी 507 करोड़ रुपए में बेची गई थी।
3- द ओपेनहाइमर ब्लू (The Oppenheimer Blue)
कीमत: ₹506 करोड़
इस अंगूठी में 14.62 कैरेट का रेक्टेंगुलर कट फैंसी विविड ब्लू हीरा जड़ा है। इसका नाम दक्षिण अफ्रीका में प्रीमियर खदान के मालिक सर फिलिप ओपेनहाइमर के सम्मान में रखा गया है। इस अंगूठी की नीलामी 2016 में जिनेवा के क्रिस्टीज में 57.5 मिलियन डॉलर यानी 506 करोड़ रुपए में हुई थी।
4- द ब्लू मून ऑफ जोसेफिन (The Blue Moon of Josephine)
कीमत: ₹426 करोड़
इस रिंग में 12.03 कैरेट का कुशन-कट फैंसी विविड ब्लू डायमंड जड़ा है। खनिकों को ये हीरा जनवरी 2014 में साउथ अफ्रीका की प्रीमियर खदान में मिला था। इस हीरे का असली नाम ब्लू मून था, लेकिन इसे खरीदने वाले हांगकांग के बिजनेसमैन जोसेफ लाउ ने अपनी 7 साल की बेटी के नाम पर इसका नाम ब्लू मून ऑफ जोसेफीन रख दिया। ये नवंबर 2015 में सोथबी की नीलामी में 48.4 मिलियन डॉलर यानी 426 करोड़ रुपए में बिका था।
5- द ग्राफ पिंक (The Graff Pink)
कीमत: ₹405 करोड़
इस रिंग में 24.78 कैरेट वजन का एमरल्ड कट वाला गहरे गुलाबी रंग का हीरा जड़ा है। इसे जौहरी लॉरेंस ग्राफ ने 2010 में सोथबी की नीलामी में 46 मिलियन डॉलर यानी 405 करोड़ रुपए में खरीदा था। ये अपने चटख रंग के लिए जाना जाता है।
6- ब्लू रॉयल (Bleu Royal)
कीमत: ₹387 करोड़
17.61 कैरेट वाले फैंसी विविड ब्लू डायमंड रिंग से जड़ी ये अंगूठी 2023 में जिनेवा में क्रिस्टीज द्वारा रखी गई नीलामी में करीब 44 मिलियन डॉलर यानी 387 करोड़ रुपए में बेची गई थी। अपने आकर्षक कलर की वजह से इसने खूब सुर्खियां बटोरी।
7- इटर्नल पिंक (Eternal Pink)
कीमत: ₹306 करोड़
10.57 कैरेट के कुशन मिक्स्ड-कट फैंसी चटकीले बैंगनी-गुलाबी हीरे से सजी यह अंगूठी 2023 में सोथबी की नीलामी में 34.8 मिलियन डॉलर यानी 306 करोड़ रुपए में बिकी।
8- द पिंक प्रॉमिस डायमंड रिंग (The Pink Promise Diamond Ring)
कीमत: ₹281 करोड़
इस अंगूठी में 14.93 कैरेट का ओवल शेप वाला चटख गुलाबी रंग का टाइप IIa हीरा जड़ा है। इस रिंग में लगे डायमंड को प्रसिद्ध जौहरी स्टीफन सिल्वर ने जून 2013 में खरीदा था। बाद में उन्होंने इसका पिंक प्रॉमिस रखा। नवंबर 2017 में ये अंगूठी हांगकांग में क्रिस्टीज नीलामी में 32 मिलियन डॉलर यानी 281 करोड़ रुपए में बिकी।
9- द कलिनन ड्रीम (The Cullinan Dream)
कीमत: ₹222 करोड़
इस अंगूठी में 24.18 कैरेट का मिक्स्ड-कट फैंसी डार्क ब्लू कलर का हीरा जड़ा है। यह अंगूठी 2016 में क्रिस्टीज मैग्निफिसेंट ज्वेल्स की नीलामी में 25.3 मिलियन डॉलर यानी 222 करोड़ रुपए में बिकी थी। ये अंगूठी खासतौर पर अपने चटख रंग के लिए मशहूर है।
10- द इनफिनिट ब्लू (The Infinite Blue)
कीमत: ₹222 करोड़
इस अंगूठी में 11.8 कैरेट का रेडिएंट-कट फैंसी विविड ब्लू हीरा जड़ा है। इसमें 18 कैरेट गुलाबी और सफेद सोने की सेटिंग है, जो फैंसी गुलाबी हीरों से सजी है। इसे अक्टूबर 2023 में हांगकांग में सोथबी की नीलामी में 25.3 मिलियन डॉलर यानी 222 करोड़ रुपए में बेचा गया था।
ये भी देखें: क्या आप जानते हैं दुनिया की सबसे महंगी बियर का नाम?
