रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (Vladimir Putin) ने यूक्रेन के डोनेट्स्क, खेरसॉन, लुहान्स्क और जापोरिज्जिया में मार्शल लॉ की घोषणा की है। दूसरी ओर भारतीय दूतावास ने यूक्रेन में रह रहे लोगों को तुरंत चले जाने की सलाह दी है। 

मॉस्को। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (Vladimir Putin) ने बुधवार को यूक्रेन के चार क्षेत्रों (डोनेट्स्क, खेरसॉन, लुहान्स्क और जापोरिज्जिया) में मार्शल लॉ की घोषणा की है। ये वो हिस्से हैं, जिन्हें रूस ने अपने साथ मिला लिया है। दूसरी ओर रूस द्वारा यूक्रेन पर हमले तेज करने के चलते भारतीय दूतावास ने यूक्रेन में रह रहे लोगों के लिए तुरंत चले जाने की एडवाइजरी जारी की है। 

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

व्लादिमीर पुतिन ने मार्शल लॉ के तहत उठाए जाने वाले कदमों के बारे में तुरंत नहीं बताया, लेकिन कहा कि उनका आदेश गुरुवार से प्रभावी है। रूस की संसद के ऊपरी सदन ने डोनेट्स्क, खेरसॉन, लुहान्स्क और जापोरिज्जिया क्षेत्रों में मार्शल लॉ लगाने के पुतिन के फैसले का तुरंत समर्थन किया। 

यूक्रेन में भारतीयों के लिए एडवाइजरी- तुरंत चले जाएं 
रूस ने यूक्रेन में हमले तेज कर दिए हैं, जिसके चलते भारतीयों को यूक्रेन की यात्रा नहीं करने की सलाह दी गई है और वहां रह रहे लोगों को तुरंत चले जाने के लिए कहा गया है। कीव में भारतीय दूतावास ने कहा कि बिगड़ती सुरक्षा स्थिति और हाल ही में यूक्रेन में हमले बढ़ने के मद्देनजर भारतीय नागरिकों को यूक्रेन की यात्रा न करने की सलाह दी गई है। वर्तमान में यूक्रेन में रह रहे छात्रों सहित भारतीय नागरिकों को उपलब्ध साधनों से जल्द से जल्द यूक्रेन छोड़ने की सलाह दी जाती है।

रूस ने तेज किया है हमला
गौरतलब है कि यूक्रेन पर रूसी सेना द्वारा ड्रोन हमले तेज कर दिए गए हैं। सोमवार को यूक्रेन पर दर्जनों ड्रोन हमले किए गए और एनर्जी से जुड़े बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया गया। इन हमलों में कई आम नागरिकों की भी मौत हुई। कहा जा रहा है कि रूस यूक्रेन पर हमले के लिए ईरान से खरीदे गए ड्रोन का इस्तेमाल कर रहा है।

यह भी पढ़ें- क्रेग के लिए शाही परिवार ने तोड़ी परंपरा, असली जासूसों को दिया जाने वाला सम्मान 'जेम्स बॉन्ड' को दिया

यूक्रेन के विदेश मंत्री दिमित्रो कुलेबा ने मंगलवार को कहा था कि उन्होंने ईरान के साथ राजनयिक संबंधों को औपचारिक रूप से समाप्त करने के लिए राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की को एक प्रस्ताव प्रस्तुत किया है। ईरान ने रूस को ड्रोन और मिसाइल दिए हैं। ईरान यूक्रेन के लोगों को मारने में रूस की मदद कर रहा है। हमने यूरोपीय संघ से ईरान पर प्रतिबंध लगाने का आग्रह किया है। 

यह भी पढ़ें- Interpol General Assembly: दाऊद इब्राहिम को भारत को कब सौंपेंगे? इस सवाल पर बंद हुई पाकिस्तान की बोलती