श्रीलंका ने भारत समेत 48 अन्य देशों के नागरिकों के लिए आगमन पर वीजा की सुविधा को 30 अप्रैल तक के लिए बढ़ा दिया है श्रीलंका के एक वरिष्ठ मंत्री ने यह जानकारी दी

कोलंबो: श्रीलंका ने भारत समेत 48 अन्य देशों के नागरिकों के लिए आगमन पर वीजा की सुविधा को 30 अप्रैल तक के लिए बढ़ा दिया है। श्रीलंका के एक वरिष्ठ मंत्री ने यह जानकारी दी। 

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

श्रीलंका में बीते साल 21 अप्रैल को ईस्टर रविवार हमले के बाद उसके पर्यटन उद्योग को बहुत नुकसान उठाना पड़ा है। हाल में चीन में कोरोना वायरस के प्रसार की वजह से भी देश का पर्यटन प्रभावित हुआ है। ईस्टर रविवार को हुए हमले में 258 लोगों की मौत हुई थी।

हमले के बाद पर्यटन उद्योग को बढ़ावा देने के लिए श्रीलंका ने भारत और चीन समेत 48 देशों के लिए एक अगस्त से आगमन पर वीजा सुविधा शुरू की थी।

कोरोना वायरस ने पर्यटन क्षेत्र को प्रभावित किया

डेली फाइनेंशियल टाइम्स ने शुक्रवार को मंत्रिमंडल के प्रवक्ता रमेश पथिराणा के हवाले से कहा, ‘‘ईस्टर हमलों के बाद मुफ्त वीजा योजना (आगमन पर वीजा) ने पर्यटकों की संख्या में 10 से 12 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गयी थी लेकिन कोरोना वायरस के प्रसार ने पर्यटन क्षेत्र को फिर प्रभावित किया है। इसलिए इस सुविधा को तीन माह के लिए और बढ़ा दिया गया है।’’

मंत्री ने कहा कि आगमन पर वीजा की सुविधा अब 30 अप्रैल तक मान्य रहेगी। हालांकि श्रीलंका ने देश में कोरोना वायरस का पहला मामला सामने आने के बाद जनवरी में चीन के लिए आगमन पर वीजा सुविधा को स्थगित कर दिया था। श्रीलंका में सबसे अधिक पर्यटक भारत से जाते हैं और इसके बाद चीन के लोगों का स्थान है।

(यह खबर समाचार एजेंसी भाषा की है, एशियानेट हिंदी टीम ने सिर्फ हेडलाइन में बदलाव किया है।)

(फाइल फोटो)