एलन मस्क और डोनाल्ड ट्रंप के बीच तकरार बढ़ गई है। ट्रंप के 'वन बिग ब्यूटीफुल बिल' के बाद दोनों के रिश्ते बिगड़े और अब सार्वजनिक रूप से एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। मस्क ने ट्रंप पर एपस्टीन फाइलों में नाम होने का भी आरोप लगाया है।

Elon Musk VS Donald Trump: टेस्ला व SpaceX के CEO और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच महीनों से चली आ रही दोस्ती गुरुवार को टूट गई। ट्रंप को राष्ट्रपति चुनाव में मस्क से खूब मदद मिली। सरकार बनने पर ट्रंप ने मस्क को अहम जिम्मेदारी दी, लेकिन अब ये बातें बीते दिनों की हो गईं हैं। अब दोनों आमने-सामने हैं। बात धमकी देने तक पहुंच गई है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

मस्क और ट्रंप ने एक दूसरे के खिलाफ सार्वजनिक रूप से तीखी बातें की हैं। मस्क ने स्पेसएक्स के ड्रैगन अंतरिक्ष यान को रिटायर करने की घोषणा की है। इसके कुछ ही घंटों बाद ट्रंप ने मस्क की कंपनियों से जुड़े सरकारी अनुबंधों को रद्द करने की धमकी दे दी।

वन बिग ब्यूटीफुल बिल के चलते टूट गई ट्रंप और मस्क की दोस्ती

अमेरिका में उद्योग बढ़ाने और कर्ज सीमा में वृद्धि के लिए ट्रंप एक बिल लेकर आए हैं। इसे वह "वन बिग ब्यूटीफुल बिल" कहते हैं। अमेरिकी सरकार की खर्च में कटौती की जिम्मेदारी निभा रहे मस्क को यह पसंद नहीं आया। इसके चलते उन्होंने सरकार में अपनी जिम्मेदारी से इस्तीफा दे दिया। वह इतने से नहीं रुके। सार्वजनिक रूप से इस बिल की आलोचना करने लगे। यह बात ट्रंप को नागवार गुजरी।

अब मस्क और ट्रंप एक दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। मस्क ने डोनाल्ड ट्रंप पर जेफरी एपस्टीन की सीलबंद फाइलों में नाम होने का आरोप लगाया है। दावा किया कि यही "असली वजह" है कि उन्हें कभी पूरी तरह से जारी नहीं किया गया। मंगलवार को मस्क ने ट्रंप के व्यापक कर-कटौती और व्यय विधेयक की निंदा की। कहा कि इससे अमेरिका के 36.2 ट्रिलियन डॉलर के कर्ज में बहुत अधिक वृद्धि होगी।

मस्क-ट्रम्प विवाद से जुड़ी 10 खास बातें

  1. जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज के साथ एक प्रेस ब्रीफ्रिंग के दौरान, ट्रम्प ने कहा, "मैं एलन से बहुत निराश हूं। मैंने एलन की बहुत मदद की है। मस्क इसलिए परेशान थे क्योंकि बिल से EV टैक्स प्रोत्साहन हटा दिया गया।"
  2. ट्रंप के बिल के पीछे की विधायी प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए मस्क ने X पर पोस्ट किया, "झूठ, यह बिल मुझे एक बार भी नहीं दिखाया गया। इसे रात के अंधेरे में इतनी तेजी से पारित कर दिया गया कि कांग्रेस में लगभग कोई भी इसे पढ़ भी नहीं सका!"
  3. ट्रुथ सोशल पर ट्रंप ने लिखा, "हमारे बजट, अरबों डॉलर बचाने का सबसे आसान तरीका एलन की सरकारी सब्सिडी और अनुबंधों को समाप्त करना है। मुझे हमेशा आश्चर्य होता था कि बाइडेन ने ऐसा नहीं किया।"
  4. ट्रंप द्वारा सरकारी मदद बंद करने की धमकी के बाद मस्क ने एक प्रमुख अंतरिक्ष कार्यक्रम बंद करने की घोषणा की। उन्होंने पोस्ट किया, "मेरे सरकारी अनुबंधों को रद्द करने के बारे में राष्ट्रपति के बयान के मद्देनजर, स्पेसएक्स अपने ड्रैगन अंतरिक्ष यान को तुरंत बंद करना शुरू कर देगा।"
  5. मस्क ने डोनाल्ड ट्रंप पर जेफरी एपस्टीन की सीलबंद फाइलों में नाम होने का भी आरोप लगाया। कहा, "डोनाल्ड ट्रंप एपस्टीन फाइलों में हैं। यही असली वजह है कि उन्हें सार्वजनिक नहीं किया गया है।"
  6. मस्क ने एक्स पर ट्रंप के महाभियोग के लिए एक यूजर के आह्वान का समर्थन किया। यूजर ने X पर पोस्ट किया, "राष्ट्रपति बनाम एलन। कौन जीतता है? मेरा पैसा एलन पर है। ट्रंप पर महाभियोग लगाया जाना चाहिए और जेडी वेंस को उनकी जगह लेनी चाहिए।" इसपर मस्क ने जवाब दिया: "हां।"
  7. ट्रंप ने संकेत दिया कि मस्क का उनके बिल के खिलाफ विरोध इलेक्ट्रिक वाहन प्रोत्साहन हटाने के चलते पैदा हुआ है। ट्रंप ने कहा कि मस्क "बिल के अंदरूनी कामकाज को जानते थे।" हालांकि मस्क ने इसे देखने से इनकार किया।
  8. मस्क ने ट्रंप पर पलटवार करते हुए कहा, "मेरे बिना, ट्रंप चुनाव हार जाते।" उन्होंने दावा किया कि डेमोक्रेट्स सदन को नियंत्रित करेंगे और रिपब्लिकन के पास केवल मामूली सीनेट बहुमत होगा। उन्होंने ट्रंप पर एहसान फरामोश होने का आरोप लगाया।
  9. एलन मस्क ने X पर चेतावनी दी कि ट्रम्प के टैरिफ से वर्ष की दूसरी छमाही में मंदी आ सकती है।
  10. ट्रंप ने अपने बिल का बचाव किया। ट्रुथ सोशल पर उन्होंने लिखा: "मुझे एलन के मेरे खिलाफ जाने से कोई ऐतराज नहीं है, लेकिन उन्हें महीनों पहले ही ऐसा कर देना चाहिए था। यह कांग्रेस के सामने पेश हुए सबसे महान विधेयकों में से एक है। खर्च में $1.6 ट्रिलियन डॉलर कटौती की गई है। यदि यह विधेयक पारित नहीं होता है तो 68% कर वृद्धि होगी। इससे बदतर स्थिति होगी। मैंने यह गड़बड़ी नहीं की है, मैं बस इसे ठीक करने के लिए यहां हूं। यह हमारे देश को महानता के मार्ग पर ले जाता है।"