यूक्रेन ने रूस पर बड़ा ड्रोन हमला किया, जिसमें 40 से ज़्यादा रूसी सैन्य विमान तबाह होने का दावा है। इस हमले में Tu-95 और Tu-22 जैसे स्ट्रेटेजिक बॉम्बर भी शामिल हैं।
Russia Ukraine War: यूक्रेन ने रविवार को रूस पर बड़ा ड्रोन अटैक किया। इस हमले में रूस के 40 से अधिक सैन्य विमानों को तबाह करने का दावा यूक्रेन ने किया है। न्यूज एजेंसी रॉयटर्स ने यूक्रेन की घरेलू सुरक्षा एजेंसी, यूक्रेन सुरक्षा सेवा (SBU) के अधिकारियों के हवाले से यह खबर दी है।
SBU ने दावा किया है कि यूक्रेनी सेनाओं ने जिन रूसी विमानों को तबाह किया उनमें Tu-95 और Tu-22 स्ट्रेटेजिक बॉम्बर शामिल हैं। इन विमानों को यूक्रेन पर लंबी दूरी तक मार करने वाली मिसाइलों से हमला करने के लिए तैनात किया गया था।
क्षेत्रीय गवर्नर इगोर कोबजेव ने कहा कि यूक्रेनी ड्रोनों ने रूस के इरकुत्स्क क्षेत्र के सेर्डनी बस्ती में एक सैन्य इकाई पर हमला किया। बेलारूस की मीडिया आउटलेट NEXTA ने बताया कि मरमंस्क क्षेत्र में ओलेन्या एयर बेस के पास विस्फोट और भारी धुआं देखा गया है। हमले के बाद की तस्वीरें और वीडियो X पर शेयर किए गए हैं।
परमाणु हमला कर सकते हैं Tu-95 और Tu-22 स्ट्रेटेजिक बॉम्बर
यूक्रेन ने अगर दावे के अनुसार सच में Tu-95 और Tu-22 स्ट्रेटेजिक बॉम्बर को नुकसान पहुंचाया है तो यह रूस को हुआ बहुत बड़ा नुकसान है। ये दोनों बेहद शक्तिशाली और अनोखे विमान हैं। इनसे परमाणु हमला किया जा सकता है।
क्यों खास है Tu-95 बॉम्बर?
Tu-95 एक स्ट्रेटेजिक बॉम्बर है। इसका काम दुश्मन पर हवा से जमीन पर मार करने वाली मिसाइलों और बमों से हमला करना है। एक Tu-95 विमान इतने अधिक मिसाइल से जाता है, जितना ले जाने के लिए लड़ाकू विमानों की एक टुकड़ी इस्तेमाल करनी पड़े। इसमें चार इंजन लगे हैं। इस विमान का रेंज 15 हजार किलोमीटर है। यह 6 Kh-55 न्यूक्लियर क्रूज मिसाइल, 14 Kh-SD एंटी शिप मिसाइल और 8 Kh-101 क्रूज मिसाइल लेकर उड़ सकता है।
क्यों खास है Tu-22 बॉम्बर?
Tu-22 स्ट्रेटेजिक बॉम्बर है। दो इंजन वाला यह विमान Kh-22 मिसाइल, Kh-15 न्यूक्लियर मिसाइल, Kh-15P एंटी रडार मिसाइल और FAB-250 व FAB-1500 बम लेकर उड़ता है। यह 24,000kg मिसाइल और बम लेकर उड़ सकता है। इसमें 23mm का डबल बैरल GSH-23 गन भी लगा है।
ओलेन्या में तैनात हैं परमाणु हथियार ले जाने वाले विमान
बता दें कि ओलेन्या रूस की प्रमुख रणनीतिक विमानन सुविधाओं (strategic aviation facilities) में से एक है। यहां परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम विमान रखे गए हैं। रूस की ओर से यूक्रेन द्वारा किए गए हमले की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। यदि इसकी पुष्टि होती है तो यह युद्ध की शुरुआत के बाद से रूस के सैन्य बुनियादी ढांचे पर सबसे संवेदनशील हमलों में से एक होगा।
गौरतलब है कि यूक्रेन का यह हमला रूसी सेना द्वारा यूक्रेनी शहरों पर 367 ड्रोन और मिसाइलें दागे जाने के एक सप्ताह बाद हुआ है। यह युद्ध का अब तक का सबसे बड़ा हवाई हमला था। इस हमले में 13 लोगों की जान गई थी। हमले कीव, खार्किव, मायकोलाइव, टेरनोपिल और खमेलनित्सकी में हुए थे।
















