अमेरिकी सेना ने सोमालिया में हवाई हमला कर आतंकी संगठन अल शबाब के 30 लड़ाकों को मार दिया है। 100 से अधिक लड़ाकों ने सोमालिया की सेना पर हमला किया था। अमेरिकी सेना ने सोमालिया की सेना की मदद के लिए हवाई हमला किया। 

मोगादिशु (सोमालिया)। अमेरिकी सेना ने शुक्रवार को अफ्रीकी देश सोमालिया में हवाई हमला किया। इस हमले में आतंकी संगठन अल शबाब के 30 लड़ाके मारे गए। सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार यूएस अफ्रीका कमांड ने यह जानकारी दी है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

अल शबाब के 100 से अधिक लड़ाकों ने सोमालिया की सेना पर हमला किया था। घटना मध्य सोमाली शहर गलकाड की है। सोमालिया की सेना की मदद के लिए अमेरिकी सेना ने हवाई हमला किया। इस हमले में किसी आम नागरिक की जान नहीं गई है।

सोमालिया की सेना पर अल-शबाब ने किया था हमला

यूएस अफ्रीका कमांड ने जानकारी दी कि हमला सोमालिया की राजधानी मोगादिशू से 260 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में गलकाड के पास हुआ। अमेरिकी सेना ने सोमालिया की राष्ट्रीय सेना की मदद के लिए हमला किया। यहां सोमालिया की सेना की भारी लड़ाई अल-शबाब के 100 से अधिक लड़ाकों के साथ हो रही थी। अल-शबाब आतंकी संगठन अल कायदा से जुड़ा हुआ है।

सोमालिया की सरकार को समर्थन दे रहा अमेरिका

बता दें कि अमेरिका सोमालिया की सरकार को समर्थन दे रहा है। मई 2022 में आतंकवादी समूह अल शबाब का मुकाबला करने के लिए राष्ट्रपति जो बाइडेन ने अमेरिकी सैनिकों को फिर से तैनात करने के पेंटागन के अनुरोध को मंजूरी दी थी। 2020 में पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने सोमालिया से सभी अमेरिकी सैनिकों को वापस बुलाने का फैसला किया था। इसे पलटते हुए जो बाइडेन ने 500 से कम सैनिकों को भेजने की मंजूरी दी थी।

यह भी पढ़ें- बाइडेन के कार्यकाल में बढ़ी अवैध सीमा घुसपैठ की घटना, इसमें सबसे ज्यादा क्यूबा और निकारगुआन के लोग

अमेरिकी सेना ने पिछले कुछ महीनों में किए हैं कई हमले

हाल के महीनों में अमेरिकी सेना ने इस क्षेत्र में कई हमले किए हैं। इसके चलते अल-शबाब के दर्जनों लड़ाके मारे गए हैं। अक्टूबर 2022 में मोगादिशु के लगभग 218 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में हुए अमेरिकी हमले में अल-शबाब के दो सदस्य मारे गए थे। नवंबर 2022 में अमेरिकी सेना ने मोगादिशू से लगभग 285 किलोमीटर उत्तर पूर्व में हमला कर अल-शबाब के 17 लड़ाकों को मार दिया था। दिसंबर के अंत में मोगादिशु के पास किए गए अमेरिकी हमले में अल-शबाब के छह आतंकवादी मारे गए थे।

यह भी पढ़ें- ड्रग्स के नशे में डूब रहीं पाकिस्तान की लड़कियां, टॉप प्राइवेट स्कूल की 4 छात्राओं ने देखिए क्या किया...