Vladimir Putin India Visit: दिसंबर में पुतिन के भारत आने से क्या बदल जाएगा? क्या यह दौरा अमेरिका के बढ़ते दबाव के बीच भारत-रूस रिश्तों में कोई बड़ा रहस्य उजागर करेगा? PM मोदी और पुतिन की बंद कमरे की बातचीत किन नए फैसलों की ओर इशारा कर रही है?
नई दिल्ली। दुनिया की निगाहें 4-5 दिसंबर पर टिकी हैं, जब रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भारत पहुंचेंगे। 23वें इंडिया-रूस सालाना समिट को लेकर कूटनीतिक हलकों में हलचल बढ़ गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पुतिन की यह मुलाकात ऐसे समय हो रही है जब वैश्विक परिदृश्य तेजी से बदल रहा है और भारत-रूस दोनों ही अपनी रणनीतियों को नए सिरे से परिभाषित कर रहे हैं। यह दौरा न केवल द्विपक्षीय रिश्तों का रिव्यू करने का मौका देगा, बल्कि आने वाले वर्षों की साझेदारी की दिशा भी तय करेगा।
अमेरिका के टैरिफ विवाद के बाद बढ़ी भारत-रूस नज़दीकियां
बीते कुछ महीनों में अमेरिका द्वारा नई दिल्ली के रूसी तेल आयात पर कड़े टैरिफ लगाने के बाद भारत और रूस के बीच राजनीतिक और आर्थिक संवाद तेज हुआ है। ऐसे में पुतिन का यह दौरा द्विपक्षीय रिश्तों को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा।
PM मोदी और राष्ट्रपति मुर्मू करेंगी स्वागत
विदेश मंत्रालय के अनुसार, अपने भारत दौरे के दौरान पुतिन प्रधानमंत्री मोदी से विस्तृत चर्चा करेंगे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, राष्ट्रपति भवन में उनका औपचारिक स्वागत करेंगी और उनके सम्मान में राज्य भोज का आयोजन करेंगी।
भारत सरकान ने राष्ट्रपति पुतीन के दौरे पर क्या कहा?
- सरकार ने कहा है कि यह दौरा भारत-रूस रिश्तों में हुई प्रगति की समीक्षा का अवसर देगा।
- ‘स्पेशल एंड प्रिविलेज्ड स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप’ को और मजबूत करने की दिशा तय करेगा।
- क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर दोनों देशों को विचार-विमर्श का मंच उपलब्ध कराएगा।
NSA अजीत डोभाल के मॉस्को दौरे में बनी थी रूपरेखा
रूसी प्रेसिडेंट के भारत दौरे की घोषणा सबसे पहले अगस्त 2025 में हुई थी, जब भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल मॉस्को गए थे। हालांकि उस वक्त तारीखें तय नहीं थीं। इसके बाद सितंबर में प्रधानमंत्री मोदी और पुतिन की मुलाकात चीन में आयोजित शंघाई कोऑपरेशन ऑर्गनाइज़ेशन (SCO) समिट में हुई, जहां दोनों नेताओं ने रूसी लिमोज़ीन में एक घंटे तक बातचीत की थी।
निकोलाई पेत्रुशेव की दिल्ली यात्रा के दौरान PM मोदी ने भेजा विशेष संदेश
इस महीने की शुरुआत में पुतिन के सहयोगी और सुरक्षा परिषद सचिव निकोलाई पेत्रुशेव दिल्ली आए थे। मुलाकात के दौरान PM मोदी ने पेत्रुशेव के माध्यम से पुतिन को अपनी शुभकामनाएं भेजीं। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत रूस के साथ दीर्घकालिक और भरोसेमंद रणनीतिक संबंधों को और गहरा करने के लिए प्रतिबद्ध है और आगामी समिट इस दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।
SCO समिट में भी हुई थी मुलाकात
PM मोदी और पुतिन की मुलाकात आखिरी बार सितंबर में चीन में आयोजित शंघाई कोऑपरेशन ऑर्गनाइजेशन (SCO) समिट के दौरान हुई थी, जहां दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय रिश्तों को मजबूत बनाए रखने पर जोर दिया था। व्लादिमीर पुतिन 4-5 दिसंबर 2025 को इंडिया-रूस सालाना समिट में शामिल होने भारत आएंगे। PM मोदी और पुतिन द्विपक्षीय रिश्तों, रणनीतिक साझेदारी और क्षेत्रीय मुद्दों पर व्यापक बातचीत करेंगे।


