किसानों ने कहा, अपने मंच पर किसी नेता को नहीं आने देंगे...भारत बंद के दौरान होने वाली 10 बड़ी बातें

कृषि कानूनों के विरोध में किसानों ने 8 दिसंबर को भारत बंद का आह्वान किया है। सिंघु (दिल्ली-हरियाणा) बॉर्डर पर सोमवार को मीडिया को संबोधित करते हुए किसान नेता डॉक्टर दर्शन पाल ने कहा, कल पूरे दिन भारत बंद है। 3 बजे तक चक्का जाम रहेगा। यह एक शांतिपूर्ण बंद होगा। हम अपने मंच पर किसी भी राजनीतिक नेताओं को अनुमति नहीं देंगे। 

Asianet News Hindi | Published : Dec 7, 2020 1:48 PM IST / Updated: Feb 05 2022, 03:22 PM IST

नई दिल्ली. कृषि कानूनों के विरोध में किसानों ने 8 दिसंबर को भारत बंद का आह्वान किया है। सिंघु (दिल्ली-हरियाणा) बॉर्डर पर सोमवार को मीडिया को संबोधित करते हुए किसान नेता डॉक्टर दर्शन पाल ने कहा, कल पूरे दिन भारत बंद है। 3 बजे तक चक्का जाम रहेगा। यह एक शांतिपूर्ण बंद होगा। हम अपने मंच पर किसी भी राजनीतिक नेताओं को अनुमति नहीं देंगे। 

1- ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस का भारत बंद को समर्थन : पंजाब ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के प्रमुख चरणजीत सिंह लोहारा ने सोमवार को लुधियाना में बयान दिया। उन्होंने कहा, ट्रांसपोर्ट यूनियन, ट्रक यूनियन, टेम्पो यूनियन ने बंद को समर्थन देने का फैसला किया है।

2- दिल्ली में फल और सब्जी मंडी बंद रहेगी : दिल्ली के मंडी व्यापारी भारत बंद का समर्थन करने का निर्णय लिया है। आंदोलनकारी किसानों का समर्थन करने के लिए व्यापारियों ने 8 दिसंबर को दिल्ली में सभी फल और सब्जी मंडियों को बंद करने का फैसला किया है। इसमें दिल्ली की आजादपुर मंडी भी शामिल होगी।

3- भारत बंद के दौरान दिल्ली का कनॉट प्लेस खुला रहेगा : नई दिल्ली ट्रेडर एसोसिएशन (NDTA) ने कहा कि मंगलवार को भारत बंद के दौरान कनॉट प्लेस का बाजार खुला रहेगा।

4- भारत बंद के लिए पूरे जोर-शोर से तैयारी चल रही है  : अखिल भारतीय किसान संघर्ष समन्वय समिति (AIKSCC) ने सोमवार को कहा कि देशव्यापी भारत बंद की तैयारी जोरों पर चल रही है। भागीदारी के लिए बड़े पैमाने पर अपील करने के लिए रैलियों का आयोजन किया जा रहा है और कई राजनीतिक दलों, ट्रेड यूनियनों, छात्रों के पंखों और महिला संगठनों ने अपना समर्थन दिया है।

5- भारत बंद में कौन-कौन शामिल? : हरियाणा और पंजाब के अलावा उत्तर प्रदेश, दिल्ली, ओडिशा, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, मध्यप्रदेश, राजस्थान और तमिलनाडु के किसानों ने भी बंद का समर्थन किया है। इसके अलावा 10 ट्रेड यूनियन भी भारत बंद के समर्थन में आ गई हैं। 

6- 11 बजे से पहले चले जाएं दफ्तर : किसान नेता राकेश टिकैत ने कहा, मंगलवार को 11 बजे से लेकर 3 बजे के बीच भारत बंद रहेगा। दफ्तर जाने वाले 11 बजे से पहले घर से निकलें और चार बजे के बाद अपने दफ्तरों से घर जाएं।

7- क्या-क्या बंद रहेगा? : भारत बंद के दौरान तीन राज्यों हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में सभी मंडियां बंद रहेंगी। सुबह 8 बजे से शाम 3 बजे तक चक्का जाम रहेगा। यातायात सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। बस और रेल से यात्रा करने वाले यात्रियों को परेशानी हो सकती है।  दूध, फल और सब्जी पर भी रोक रहेगी। 

8- क्या-क्या खुला रहेगा? : भारत बंद के दौरान एंबुलेंस और आपातकालीन सेवाएं जारी रहेंगी। मेडिकल स्टोर खोले जा सकते हैं। अस्पताल सामान्य दिनों की तरह खुले रहेंगे। शादियों पर कोई पाबंदी नहीं है।

9- दिल्ली में कहां-कहां यातायात प्रभावित होगा : दिल्ली यातायात पुलिस ने कहा है कि सिंघु, औचंदी, पियाओ मनियारी, मंगेश, टिकरी और झारोदा सीमाएं (हरियाणा की तरफ) बंद हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग -44 को भी दोनों तरफ से बंद कर दिया गया है। यात्रा करने वालों को लामपुर, सफियाबाद और सबोली सीमाओं के माध्यम से वैकल्पिक मार्ग लेने का सुझाव दिया गया है। नोएडा की ओर जाने वालों को DND लेने की सलाह दी गई है क्योंकि नोएडा लिंक रोड पर चीला बॉर्डर भी ट्रैफिक के लिए बंद है। एनएच -24 पर गाजीपुर सीमा भी गाजियाबाद से दिल्ली के लिए यातायात के लिए बंद है।

10- किसान आंदोलन के समर्थन में 11 दल : किसान आंदोलन के समर्थन में 11 दलों ने बयान जारी किया है, जिसमें कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, PAGD, NCP, CPI, CPM, CPI (ML), RSP, RJD, DMK,और AIFB शामिल हैं। इन दलों ने बयान जारी कर किसानों की मांग पूरी करने और कृषि कानून 2020 में संशोधन की मांग की है। दलों ने कहा कि हम किसानों के साथ खड़े हैं, और उनके भारत बंद के ऐलान का समर्थन करते हैं।

Share this article
click me!