बिहार के बाहुबली नेता अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी में घुड़दौड़ आयोजित की जाएगी। इसमें देश-विदेश के तमाम लोगों को इन्वाइट किया गया है। विजेता को THAR मिलेगी। 4 लाख मेहमानों के लिए 150 तरह के व्यंजन बनाने की तैयारी है।
Anant Singh Daughter Wedding: बिहार के बाहुबली नेता अनंत कुमार सिंह की बेटी शिवांगी की शादी इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। अनंत सिंह अपनी बेटी की शादी को यादगार और भव्य बनाने के लिए जोर-शोर से तैयारियों में जुटे हैं। इस शादी में बॉलीवुड और भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के कई सितारों के शामिल होने की उम्मीद है। इसके अलावा शादी में घुड़दौड़ का भी आयोजन किया जाएगा।
इस आयोजन को खास बनाने के लिए अनंत सिंह ने बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा है कि घुड़दौड़ में जीतने वाले व्यक्ति को इनाम में THAR गाड़ी दी जाएगी। वहीं, दूसरे और तीसरे स्थान पर आने वाले लोगों को भी खाली हाथ नहीं लौटना पड़ेगा। उन्हें इनाम के तौर पर मोटरसाइकिल और स्कूटर दिए जाएंगे। बता दें कि ये ग्रैंड वेडिंग 25 नवंबर को होगी।
पीएम मोदी से लेकर पक्ष-विपक्ष के नेताओं को न्योता
अनंत सिंह के मुताबिक, उन्होंने बेटी शिवांगी की शादी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी आमंत्रित किया है। इसके अलावा पक्ष और विपक्ष के सभी नेताओं को शादी का न्योता भेजा गया है। अनंत सिंह ने बताया कि इस शादी में पाकिस्तान और दुबई से भी कुछ मेहमान शामिल होने आएंगे। ऐसे में यह शादी केवल बिहार ही नहीं, बल्कि देश और विदेश के लोगों के बीच भी चर्चा का विषय बनी हुई है।
अनंत सिंह की बेटी की शादी में 4 लाख मेहमानों के लिए बनेगा खाना
शिवांगी की शादी को भव्य बनाने के लिए खाने-पीने का भी खास इंतजाम किया जा रहा है। अनंत सिंह के मुताबिक, शादी में करीब 4 लाख लोगों के लिए खाना तैयार कराया जाएगा। मेहमानों को 150 तरह के अलग-अलग व्यंजन परोसे जाएंगे। इस बड़े आयोजन में मेहमानों की संख्या से लेकर खाने के मेन्यू तक, हर चीज को खास बनाने की तैयारी है। बॉलीवुड और भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के सितारों की मौजूदगी, देश के बड़े नेताओं को न्योता, घुड़दौड़ और आकर्षक इनाम इस शादी को और खास बना रहे हैं। कुल मिलाकर, अनंत सिंह अपनी बेटी शिवांगी की शादी को यादगार बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहते। यही वजह है कि उनकी बेटी की शादी की चर्चा पूरे बिहार में हो रही है।