दुनिया में कोरोनाः 210 देशों में 18 लाख संक्रमित, WHO बोला- वैक्सीन तैयार होने के बाद मिलेगा छुटकारा

Published : Apr 13, 2020, 08:53 AM ISTUpdated : Apr 13, 2020, 04:32 PM IST
दुनिया में कोरोनाः 210 देशों में 18 लाख संक्रमित, WHO बोला- वैक्सीन तैयार होने के बाद मिलेगा छुटकारा

सार

दुनिया भर में कोरोना से 18 लाख 62 हजार लोग संक्रमित हैं। जबकि 1 लाख 14 हजार से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। कोरोना के संक्रमण से अमेरिका और स्पेन का बुरा हाल है। वहीं, सख्त लॉकडाउन की वजह से इटली को राहत मिली है। 

वॉशिंगटन. दुनियाभर के 210 देशों में कोरोना वायरस का संक्रमण तेजी से बढ़ता जा रहा है। दुनिया भर में अब तक 18 लाख 62 हजार से अधिक लोग संक्रमित हैं। जबकि 1 लाख 14 हजार से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि कोरोना के संक्रमण से 4 लाख 31 हजार से अधिक लोग ठीक भी हो चुके हैं। कोरोना के संक्रमण से सबसे ज्यादा अमेरिका प्रभावित है। यह देश मौत और पॉजिटिव केसों की संख्या में नंबर 1 पर है। यहां का न्यूयॉर्क स्टेट सबसे ज्यादा प्रभावित है। यहां 24 घंटे में 1,528 की जान गई है। इनमें न्यूयॉर्क में केवल 758 की मौत हुई। एक दिन पहले देश में 1,920 और राज्य में 783 लोगों ने दम तोड़ा था। वहीं, विश्व स्वास्थ्य संगठन ने साफ कर दिया है कि जबतक कोरोना का वैक्सीन नहीं आ जाता तब तक कोरोना से पीछा छूटने वाला नहीं है। 

अमेरिका में 22 हजार मौतें 

कोरोना के संक्रमण से जूझ रहे अमेरिका में अब तक 22 हजार लोगों की मौत हो चुकी है। यहां अब तक 5 लाख 60 हजार से अधिक संक्रमित मरीज हैं। अमेरिका में पिछले 24 घंटे में 1528 लोगों ने दम तोड़ा है। जबकि 24 हजार से अधिक मामले सामने आए हैं। अमेरिका का न्यूयॉर्क स्टेट सबसे ज्यादा प्रभावित है। यहां संक्रमित मरीजों की संख्या 1 लाख 89 हजार है। जबकि मरने वालों का आंकड़ा 93 सौ तक पहुंच गया है। 

इटली में 19 मार्च के बाद सबसे कम मौत

इटली में रविवार को 431 लोगों की मौत हुई। 19 मार्च के बाद मौतों का यह सबसे कम आंकड़ा है। शनिवार को यहां 619 की जान गई थी। यहा अमेरिका के बाद सबसे ज्यादा 19 हजार 899 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, एक लाख 56 हजार 363 लोग संक्रमित हैं। इटली में लॉकडाउन मई तक बढ़ा दिया गया है। यहां अब तक 34 हजार लोग ठीक हो चुके हैं। जबकि संक्रमण का कुल आंकड़ा 1 लाख 56 हजार 363 तक पहुंच गया है। 

फ्रांस में कोरोना से राहत

फ्रांस के परमाणु शक्ति संपन्न एयरक्राफ्ट कैरियर चार्ल्स-डे-गुल्ले के  50 नौसैनिकों के कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद जहाज पर तैनात 1900 सैनिकों को आइसोलेट किया जाएगा। स्थानीय अधिकारियों ने कहा कि उन्हें जहाज से निकालने के लिए ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है। फ्रांस में भी मौतों की संख्या में कमी आई है। एक दिन में यहां 315 लोगों की जान गई। वहीं, एक दिन पहले 345 लोग मारे गए थे। यहां अब तक 14 हजार 393 लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि 1 लाख 32 हजार से अधिक लोग पॉजिटिव हैं। 

स्पेन में बढ़ते जा रहे मौत के आंकड़े 

अमेरिका के बाद स्पेन कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित है। यहां कोरोना से संक्रमित मरीजों की संख्या 1 लाख 66 हजार तक पहुंच गई है। जबकि अबतक 17 हजार से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। कोरोना वायरस के संक्रमण से यहां अब तक 32 हजार 391 लोग ठीक भी हो चुके हैं। यहां पिछले 24 घंटे में 3804 नए मरीज सामने आए हैं। जबकि 603 लोगों ने दम तोड़ा है।

पाकिस्तान में 5 हजार के पार संक्रमण का आंकड़ा 

पाकिस्तान में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 5 हजार के पार पहुंच गया है। जबकि अब तक 91 लोगों की मौत हो चुकी है। पाकिस्तान में सरकार ने डॉक्टर्स और मेडिकल स्टॉफ को सुरक्षा कीट और मास्क मुहैया नहीं करा रही है। वहीं, कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए सरकार द्वारा अभी तक कोई एहतियाती कदम नहीं उठाए गए हैं। सरकार ने देश में कहीं भी लॉकडाउन नहीं लागू किया है। इसके साथ ही अस्पतालों में भी जगह नहीं हैं। इससे पहले पाकिस्तान में डॉक्टरों ने पीपीई और मास्क की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया था तो उन पर लाठियां बरसाईं गई और गिरफ्तार कर लिया गया था। हालांकि बाद में उन्हें छोड़ दिया गया था। 

PREV

अंतरराष्ट्रीय राजनीति, ग्लोबल इकोनॉमी, सुरक्षा मुद्दों, टेक प्रगति और विश्व घटनाओं की गहराई से कवरेज पढ़ें। वैश्विक संबंधों, अंतरराष्ट्रीय बाजार और बड़ी अंतरराष्ट्रीय बैठकों की ताज़ा रिपोर्ट्स के लिए World News in Hindi सेक्शन देखें — दुनिया की हर बड़ी खबर, सबसे पहले और सही तरीके से, सिर्फ Asianet News Hindi पर।

Recommended Stories

ईद पर यरुशलम में मिसाइल अटैक! अल-अक्सा मस्जिद के पास गिरा बम, WATCH VIDEO
ईरान को समझने में गच्चा खा गए Donald Trump? 10 गलतियां जिसने अमेरिका को जंग में फंसा दिया