रॉयल एनफील्ड बुलेट 350 का 1986 का एक बिल वायरल है, जिसमें बाइक की कीमत सिर्फ 18,700 रुपये थी। आज इसकी कीमत 1.5 लाख रुपये से अधिक है। यह 40 साल पुराना बिल कीमत में आए भारी अंतर को दिखाता है।

नई दिल्ली: भारतीय सड़कों पर 'रॉयल एनफील्ड बुलेट 350' (Royal Enfield Bullet 350) सिर्फ एक बाइक नहीं, बल्कि शान और रुतबे की पहचान है। रॉयल एनफील्ड की यह सबसे कामयाब बाइक दशकों से लोगों के दिलों पर राज कर रही है। इतने सालों में इसमें कई तकनीकी बदलाव हुए, लेकिन इसका ओरिजिनल डिजाइन, दमदार आवाज और शाही अंदाज आज भी वैसा ही है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

लेकिन क्या आप सोच सकते हैं कि लाखों की कीमत वाली यह बाइक कभी सिर्फ 18,700 रुपये में मिलती थी? जी हां, आज जब एक अच्छा ब्रांडेड जूता 20 हजार से ऊपर का आता है, उससे भी कम कीमत में यह बाइक बिका करती थी। यह बात सुनकर बाइक लवर्स हैरान हैं। आपको बता दें कि फिलहाल भारत में रॉयल एनफील्ड बुलेट 350 की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 1.5 लाख रुपये है।

40 साल पुराना बिल हुआ वायरल

ट्विटर और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर रॉयल एनफील्ड बुलेट 350 का एक पुराना बिल तेजी से वायरल हो रहा है। यह बिल करीब 40 साल पुराना, यानी 1986 का है, जिसने बाइक प्रेमियों को हैरान कर दिया है। यह बिल झारखंड की 'संदीप ऑटो कंपनी' (Sandeep Auto Company) नाम की डीलरशिप का है। इसमें 'बुलेट 350 स्टैंडर्ड' (Bullet 350 Standard) मॉडल की ऑन-रोड कीमत सिर्फ 18,700 रुपये लिखी हुई है।

सीमा पर गश्त लगाती थी 'एनफील्ड बुलेट'

1986 के दौर में इस बाइक को 'रॉयल एनफील्ड' की जगह सिर्फ 'एनफील्ड बुलेट' (Enfield Bullet) कहा जाता था। उस जमाने में यह सबसे मजबूत और भरोसेमंद मोटरसाइकिलों में से एक थी। इसी वजह से भारतीय सेना (Indian Army) भी सीमा पर और मुश्किल इलाकों में गश्त (Patrolling) के लिए इन बुलेट बाइक्स का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल करती थी।

बुलेट इस कंपनी के शुरुआती और सबसे सफल मॉडलों में से एक है। आज भी बहुत से लोग इस कंपनी को 'बुलेट' के नाम से ही जानते हैं। फिलहाल रॉयल एनफील्ड ब्रांड का पूरा मालिकाना हक भारत की मशहूर ऑटोमोबाइल कंपनी 'आयशर मोटर्स' (Eicher Motors) के पास है।

रॉयल एनफील्ड असल में ब्रिटेन (इंग्लैंड) का ब्रांड है। लेकिन 1955 में ब्रिटेन की 'एनफील्ड साइकिल कंपनी' ने भारत की 'मद्रास मोटर्स' के साथ मिलकर 'एनफील्ड ऑफ इंडिया' (Enfield of India) बनाई। इसका मुख्यालय तमिलनाडु के चेन्नई में बनाया गया। तब से लेकर आज तक, 350cc रॉयल एनफील्ड बुलेट मोटरसाइकिलें पूरी तरह से भारत के चेन्नई प्लांट में ही बनती हैं।