एमजी मोटर इंडिया ने बृहस्पतिवार को कहा कि पेश किये जाने के बाद महज आठ महीने में ही उसके स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल (एसयूवी) हेक्टर की 50 हजार से अधिक इकाइयों की बुकिंग हो गयी है

नई दिल्ली: एमजी मोटर इंडिया ने बृहस्पतिवार को कहा कि पेश किये जाने के बाद महज आठ महीने में ही उसके स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल (एसयूवी) हेक्टर की 50 हजार से अधिक इकाइयों की बुकिंग हो गयी है। कंपनी की योजना हेक्टर का छह सीटों वाला संस्करण भी इस साल बाजार में उतारने की है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

कंपनी अभी तक हेक्टर की करीब 20 हजार इकाइयों की बिक्री कर चुकी है। एमजी मोटर इंडिया के मुख्य वाणिज्यिक अधिकारी गौरव गुप्ता ने कहा, ‘‘हेक्टर की भारतीय बाजार में तेज गति बरकरार है और महज आठ महीने में ही इसकी बुकिंग 50 हजार इकाइयों को पार कर गयी है।’’

आउटलेट की संख्या बढ़ाने की कोशिश

उन्होंने कहा कि कंपनी टिअर-एक और टिअर-दो शहरों में आउटलेट की संख्या बढ़ाकर इस गति को तेज करने की कोशिश करेगी। गुप्ता ने कहा, ‘‘इस साल की तीसरी तिमाही में छह सीटों वाले हेक्टर प्लस को बाजार में उतारकर हम भारत में हेक्टर ब्रांड को आगे बढ़ाएंगे।’’

कंपनी दीपावली तक एमजी ग्लोस्टर को भी बाजार में उपलब्ध कराने की योजना बना रही है।

(यह खबर समाचार एजेंसी भाषा की है, एशियानेट हिंदी टीम ने सिर्फ हेडलाइन में बदलाव किया है।)