New Skoda Slavia Facelift: Skoda ने नई Slavia facelift से पर्दा उठा दिया है। कार में रियर सीट मसाज, 360-डिग्री कैमरा, 10.25-इंच डिजिटल क्लस्टर और नया 8-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स मिलेगा। बुकिंग 15,000 रुपये में शुरू है, कीमत का ऐलान बाकी है।
New Skoda Slavia Facelift Revealed in India: सेडान खरीदने का प्लान बना रहे ग्राहकों के लिए Skoda Slavia अब पहले से ज्यादा दिलचस्प हो गई है। स्कोडा ने भारत में अपडेटेड स्लाविया से पर्दा उठा दिया है और कंपनी ने इस बार सिर्फ लुक या फीचर्स में मामूली बदलाव नहीं किए हैं। नई कार में पीछे बैठने वालों के लिए मसाज फंक्शन, 360-डिग्री कैमरा और नया ऑटोमैटिक गियरबॉक्स जैसे अपडेट दिए गए हैं।
कंपनी ने इसकी बुकिंग 15,000 रुपये में शुरू कर दी है, हालांकि नई स्लाविया की कीमत का खुलासा अभी नहीं किया गया है। भारत में स्लाविया को पहली बार 28 फरवरी 2022 को लॉन्च किया गया था।
पीछे बैठने वालों को मिलेगा मसाज फंक्शन
नई Slavia facelift में सबसे ज्यादा चर्चा जिस फीचर की हो रही है, वह है रियर सीट मसाज फंक्शन। कॉम्पैक्ट सेडान सेगमेंट में यह फीचर इसे अलग पहचान दे सकता है।
इसके अलावा कार में 360-डिग्री कैमरा, फ्रंट पार्किंग सेंसर और Park Pilot दिया गया है। इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर को भी अपडेट किया गया है और अब इसमें बड़ा 10.25-इंच डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर मिलता है।
कार में रेन-सेंसिंग वाइपर, रियर डिफॉगर, ऑल-LED लाइटिंग, ऑटो-डिमिंग IRVM, इलेक्ट्रिक सनरूफ और अलॉय व्हील्स जैसे फीचर्स भी मौजूद हैं।
यह भी पढ़ें: Ferrari Luce: जिस Ferrari EV के डिजाइन की हुई आलोचना, वही 382 करोड़ में बिकी! कौन है खरीददार?
Gemini आधारित वॉयस असिस्टेंट भी मिलेगा
नई स्लाविया में 10.1-इंच इंफोटेनमेंट सिस्टम दिया गया है। इसमें Google Cloud के Automotive AI Agent पर आधारित एडवांस वॉयस असिस्टेंट मिलता है। कंपनी के मुताबिक, Gemini आधारित मदद भी इसमें दी गई है।
वॉयस कमांड के जरिए ड्राइवर और यात्री न्यूज, ट्रेंड्स, म्यूजिक, कॉल और क्लाइमेट कंट्रोल जैसी सुविधाओं का इस्तेमाल कर सकेंगे।
नई स्लाविया को Classic, Classic+, Signature, Sportline, Prestige और Monte Carlo समेत छह वेरिएंट में पेश किया गया है। Monte Carlo वेरिएंट शुरुआत से ही उपलब्ध रहेगा।
रंगों की बात करें तो Candy White, Carbon Steel, Brilliant Silver, Lava Blue, Deep Black, Cherry Red, Shimla Green और Steel Grey के साथ दो नए रंग Arctic Silver और Cappuccino Beige भी जोड़े गए हैं।
इंजन वही, लेकिन ऑटोमैटिक गियरबॉक्स में बड़ा बदलाव
नई Slavia में मौजूदा पेट्रोल इंजन बरकरार रखे गए हैं। इसमें 1.0-लीटर, 3-सिलेंडर टर्बो TSI इंजन मिलता है, जो 113 bhp की पावर और 178 Nm का टॉर्क पैदा करता है। इसके साथ 6-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स दिया गया है।
सबसे बड़ा मैकेनिकल बदलाव ऑटोमैटिक गियरबॉक्स में हुआ है। पहले मिलने वाले 6-स्पीड टॉर्क-कन्वर्टर ऑटोमैटिक की जगह अब 8-स्पीड टॉर्क-कन्वर्टर ऑटोमैटिक दिया गया है।
वहीं, 1.5-लीटर, 4-सिलेंडर टर्बो पेट्रोल इंजन 148 bhp की पावर और 250 Nm का टॉर्क देता है। इस इंजन के साथ 7-स्पीड DSG डुअल-क्लच ऑटोमैटिक गियरबॉक्स मिलता है। 1.5-लीटर इंजन वाले वेरिएंट में पीछे डिस्क ब्रेक भी दिए गए हैं।
कीमत का इंतजार, बुकिंग शुरू
नई Skoda Slavia की कीमत का ऐलान अभी नहीं हुआ है, लेकिन 15,000 रुपये में बुकिंग शुरू हो चुकी है। नए फीचर्स, रियर सीट मसाज और 8-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स जैसे अपडेट के बाद अब सबसे बड़ा सवाल इसकी कीमत को लेकर है।
कंपनी जब कीमत घोषित करेगी, तब यह साफ होगा कि इन नए फीचर्स के लिए ग्राहकों को कितना अतिरिक्त भुगतान करना होगा और अपडेटेड स्लाविया अपने सेगमेंट में मुकाबला कितना मजबूत करती है।
यह भी पढ़ें: Lamborghini Revuelto: तूफानी रफ्तार-1065 HP पावर, आ गई लैंबॉर्गिनी की नई Revuelto SV
