Car Bike Care Tips: क्या आप हर रविवार अपनी कार या बाइक धोते हैं या वॉशिंग सेंटर लेकर जाते हैं? क्या आपने कभी सोचा है कि ज्यादा बार और गलत तरीके से धुलाई करने से आपकी गाड़ी को कितना नुकसान पहुंचा सकती है? क्या आपकी ये आदत सही है या धीरे-धीरे गाड़ी की लाइफ कम कर रही है?
Car Bike Washing Mistakes: वीकेंड आते ही हम सभी के घरों में एक नजारा बिल्कुल कॉमन होता है। बाल्टी में पानी, हाथ में कपड़ा और चमचमाती हुई कार या बाइक की सफाई। छुट्टी का दिन है, हममें से ज्यादातर लोग अपनी गाड़ी को चमकाने में लग जाते हैं। कई लोग तो हर संडे को सीधे वॉशिंग सेंटर (Service Center) जाकर गाड़ी पर पानी की मोटी बौछार डलवाते हैं। अगर आप भी हर रविवार को अपनी कार या बाइक चमकाते हैं, तो रुकिए। आप की ये आदत आपकी जेब पर ही भारी पड़ सकती है। जानिए क्यों हर संडे गाड़ी नहीं धुलवानी चाहिए...

हर रविवार गाड़ी क्यों नहीं धुलवानी चाहिए?
मई-जून की इस भयंकर गर्मी में दोपहर के वक्त गाड़ियों का मेटल (लोहा) और शीशे गरम होकर उबल रहे होते हैं। ऐसे में जब आप कल संडे की दोपहर को गाड़ी पर ठंडा-ठंडा पानी डालेंगे, तो क्या होगा? साइंस के मुताबिक, एकदम गर्म चीज पर अचानक ठंडा पानी पड़ने से मेटल सिकुड़ता है। इससे दो बड़े नुकसान हो सकते हैं। वैसे भी इस बार गर्मी भयंकर पड़ रही है और कई जगहों का पारा भी 47 डिग्री पार कर गया है।
धूप में कार-बाइक वॉश कराने से क्या नुकसान?
1. पेंट का उड़ जाना
कार या बाइक की बॉडी पर जो पेंट होता है, वह इस अचानक बदलाव को झेल नहीं पाता। धीरे-धीरे पेंट की चमक गायब होने लगती है और वह पपड़ी बनकर छूटने लगता है। आपकी गाड़ी नई होकर भी पुरानी दिखने लगेगी।
2. शीशों का चटकना
गाड़ी की विंडशील्ड (सामने का बड़ा शीशा) धूप में बहुत ज्यादा तप जाती है। उस पर तेज प्रेशर से ठंडा पानी पड़ते ही शीशे में बारीक क्रैक्स (दरारें) आ सकते हैं, जिसे ठीक कराने में हजारों का फटका लगेगा।
संडे को वॉशिंग सेंटर जाने से क्यों बचना चाहिए?
अगर आप सोचते हैं कि घर पर मेहनत करने के बजाय संडे को वॉशिंग सेंटर पर ₹200-₹300 देकर गाड़ी धुलवाना सेफ है, तो आप एक और बड़ी गलती कर रहे हैं। संडे को हर वॉशिंग सेंटर पर गाड़ियों की लंबी कतार होती है। भीड़ के चक्कर में वहां के लड़के बहुत जल्दबाजी में काम निपटाते हैं। वे आपकी कार के बोनट के अंदर इतनी तेजी से पानी का प्रेशर मार सकते हैं कि कई बार केबिन फिल्टर (AC Filter) या गाड़ी के सेंसर्स और वायरिंग में पानी घुस जाता है। नतीजा? संडे की शाम को जब आप पूरी फैमिली के साथ बाहर घूमने निकलेंगे, तो कार का AC ठंडी हवा फेंकना बंद कर देगा या गाड़ी स्टार्ट होने में नखरे करेगी। फिर मैकेनिक संडे के नाम पर आपसे मोटा पैसा वसूल लेगा।
तो फिर संडे को गाड़ी साफ कैसे करें?
- गाड़ी तभी धोएं जब धूप न हो। सुबह 7 बजे से पहले या शाम को 6 बजे के बाद का समय सबसे बेस्ट है, क्योंकि उस वक्त गाड़ी की बॉडी ठंडी होती है।
- हर संडे को गाड़ी पर बाल्टी-बाल्टी पानी बहाने की जरूरत नहीं है। एक अच्छी क्वालिटी का माइक्रोफाइबर कपड़ा लें, उसे हल्का गीला करें और गाड़ी साफ कर लें। इससे पानी भी बचेगा और जंग (Rust) लगने का खतरा भी खत्म होगा।
- अगर प्रोफेशनल वॉश करानी ही है, तो वीकेंड के बजाय मंगलवार या बुधवार का दिन चुन सकते हैं। उस दिन भीड़ कम होती है, तो लड़के बहुत तसल्ली से और कोने-कोने को साफ करके आपकी गाड़ी आपको देंगे।
डिस्क्लेमर: इस आर्टिकल में दी गई जानकारी सामान्य ऑटोमोबाइल केयर और उपयोगी सुझावों पर आधारित है। इसका उद्देश्य सिर्फ जागरूकता बढ़ाना है। किसी भी गाड़ी की स्थिति, मॉडल और उपयोग के अनुसार परिणाम अलग हो सकते हैं। सही जानकारी और सर्विस के लिए हमेशा अपने वाहन निर्माता या प्रमाणित मैकेनिक की सलाह लें।


