नई दिल्ली से कोलकाता जा रही दुरंतो एक्सप्रेस में हथियारबंद बदमाशों ने बन्दूक की नोक पर चलती ट्रेन में यात्रियों से सामान और रूपये लूट लिए।

पटना(Bihar). बिहार की राजधानी पटना में बदमाशों ने नई दिल्ली हावड़ा दुरंतो एक्सप्रेस में लूट की वारदात को अंजाम दिया है। नई दिल्ली से कोलकाता जा रही दुरंतो एक्सप्रेस में हथियारबंद बदमाशों ने बन्दूक की नोक पर चलती ट्रेन में यात्रियों से सामान और रूपये लूट लिए। यात्रियों को लूटने के बाद बदमाशों ने चैन खींच ट्रेन रोकी और फरार हो गए। लूटपाट की घटना में किसी के घायल होने की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रेन के पटना जंक्शन से ही कुछ बदमाश ट्रेन में सवार हुए थे और पूर्व निर्धारित प्लान के तहत रास्ते में सूनसान स्थान पर ट्रेन में चैन पुलिंग की जिसके बाद अन्य हथियार बंद बदमाश भी बोगी में घुस गए। यात्रियों ने बताया कि करीब 3 बजे ट्रेन पटना से आगे निकली ही थी कि बोगी में पहले से सवार गिरोह के लुटेरे ने चैन खींची। ट्रेन के रुकने के बाद लगभग 20 हथियारबंद बदमाश ट्रेन की 2 बोगी में घुसे और लूटपाट शुरू कर दी। ट्रेन में लूट की वारदात को दानापुर के कुशेश्वर और मझौली हॉल्ट के बीच अपराधियों ने अंजाम दिया। यात्रियों ने बताया कि कई यात्रियों से कैश और सामान की लूट की गयी। 

RPF टीम कर रही मामले की जांच 
दानापुर आरपीएफ के सीनियर कमांडेंट प्रकाश कुमार पांडा ने बताया कि जब सुबह 4 बजे ट्रेन जसीडीह पहुंची तो लूट के शिकार यात्रियों ने जीआरपी थाने में शिकायत दर्ज कराई। आरपीफ ने लुटेरों की पहचान और कार्रवाई के लिए विशेष टीम का गठन किया है। दुरंतो एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों में बढ़ रही आपराधिक घटनाओं को देखते हुए ट्रेन में आरपीएफ की सुरक्षा बढ़ा दी गयी है। आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि अपराधियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा और लूट का सामान भी बरामद किया जाएगा। जसडीह और दानापुर की आरपीएफ की संयुक्त टीम इस मामले की जांच में जुट गयी है। यात्रियों से उनके सामान का विवरण लिया गया है।