8th Pay Commission Latest Update: 8वें वेतन आयोग में सिर्फ फिटमेंट फैक्टर से सैलरी तय नहीं होगी। जानिए DA, HRA, TPTA और अन्य भत्ते आपकी नई सैलरी पर कैसे असर डालेंगे।

8th Pay Commission Salary Update: आठवें वेतन आयोग को लेकर केंद्रीय कर्मचारियों के बीच सबसे ज्यादा चर्चा फिटमेंट फैक्टर की हो रही है। कई लोग मान रहे हैं कि अगर फिटमेंट फैक्टर 2.25 या उससे ज्यादा हुआ तो सैलरी भी उसी हिसाब से बढ़ जाएगी, लेकिन क्या सच में ऐसा होगा? दरअसल, कर्मचारियों की जेब में आने वाली रकम सिर्फ फिटमेंट फैक्टर से तय नहीं होती। इसके पीछे कई और चीजें भी काम करती हैं। आइए समझते हैं कि 8वें वेतन आयोग में आपकी नई सैलरी का कैलकुलेशन कैसे बन सकता है...

फिटमेंट फैक्टर की चर्चा क्यों बढ़ी?

केंद्रीय कर्मचारियों की प्रतिनिधि संस्था NC-JCM ने 8वें वेतन आयोग के लिए 3.833 फिटमेंट फैक्टर की मांग रखी है। हालांकि कई जानकारों का मानना है कि आयोग का अंतिम फिटमेंट फैक्टर 2.0 से 2.25 के बीच रह सकता है। यहीं से सबसे बड़ा सवाल पैदा होता है कि अगर 2.25 फिटमेंट फैक्टर तय होता है, तो क्या कर्मचारियों की कुल सैलरी भी 2.25 गुना बढ़ जाएगी? इसका जवाब नहीं है।

सिर्फ फिटमेंट फैक्टर नहीं, ये फॉर्मूला करेगा फैसला

केंद्रीय कर्मचारियों की सैलरी कई हिस्सों से मिलकर बनती है। इनमें सबसे अहम बेसिक सैलरी, महंगाई भत्ता (DA), हाउस रेंट अलाउंस (HRA), ट्रांसपोर्ट अलाउंस (TPTA) और अन्य भत्ते हैं। यानी सिर्फ बेसिक पे बढ़ने से पूरी सैलरी उसी अनुपात में नहीं बढ़ती। DA और बाकी भत्तों में होने वाले बदलाव भी अंतिम सैलरी पर बड़ा असर डालते हैं।

वेतन आयोग का पुराना रिकॉर्ड क्या कहता है?

7वां वेतन आयोग: फिटमेंट फैक्टर 2.57, लेकिन ग्रॉस सैलरी में बढ़ोतरी करीब 14.29% रही।

6वां वेतन आयोग: फिटमेंट फैक्टर 1.86, लेकिन कुल सैलरी में करीब 54% की बढ़ोतरी हुई।

5वां वेतन आयोग: सैलरी में करीब 31% बढ़ोतरी हुई।

4वां वेतन आयोग: सैलरी करीब 27.60% तक बढ़ी।

वेतन आयोग के इन आंकड़ों का क्या मतलब है?

7वें वेतन आयोग में फिटमेंट फैक्टर 2.57 होने के बाद भी जेब में सिर्फ 14.29% का ही फायदा आया। वहीं, 6ठें वेतन आयोग में फिटमेंट 1.86 था, फिर भी सैलरी 54% तक बढ़ गई थी। यानी बड़ा फिटमेंट फैक्टर हमेशा बड़ी सैलरी बढ़ोतरी की गारंटी नहीं होता है।

DA क्यों निभाएगा सबसे अहम रोल?

कई कर्मचारी सिर्फ फिटमेंट फैक्टर पर नजर रखते हैं, लेकिन असली असर महंगाई भत्ता (DA) का भी होता है। जब भी नया वेतन आयोग लागू होता है, तो मिलने वाले DA को बेसिक पे (Basic Pay) में मिला दिया जाता है और DA फिर से जीरो (0) से शुरू होता है। इसी वजह से कई बार फिटमेंट फैक्टर बड़ा होने के बावजूद कुल सैलरी में बढ़ोतरी उम्मीद से कम दिखाई देती है।

8वें वेतन आयोग में कितनी बढ़ सकती है सैलरी?

वित्तीय संस्था 'बैंकबाजार' (BankBazaar) के अनुमान के मुताबिक, अगर 8वां वेतन आयोग 2.0 से 2.57 के बीच भी फिटमेंट फैक्टर तय करता है, तब भी लेवल 1 से 18 तक के कर्मचारियों की ग्रॉस सैलरी 31% से 68% तक बढ़ सकती है। सैलरी सिफारिशें आने में भले ही अभी कुछ महीनों का समय बाकी हो, लेकिन सरकारी सिस्टम में काम काफी तेज़ी से चल रहा है।

8वें वेतन आयोग पर अभी क्या चल रहा है?

आठवें वेतन आयोग का गठन पिछले साल नवंबर 2025 में किया गया था और अब आयोग का ऑफिशियल पोर्टल लॉन्च होने के साथ-साथ कर्मचारी संगठनों और हितधारकों के साथ लगातार बैठकें की जा रही हैं। इन्हीं चर्चाओं के आधार पर आयोग अपनी सिफारिशें तैयार करेगा।

कर्मचारियों को अभी क्या करना चाहिए?

फिलहाल सोशल मीडिया पर चल रहे हर सैलरी कैलकुलेशन पर भरोसा करने की जरूरत नहीं है। जब तक आयोग अपनी अंतिम रिपोर्ट पेश नहीं करता और सरकार उसे मंजूरी नहीं देती, तब तक किसी भी आंकड़े को अंतिम नहीं माना जा सकता है।

8वें वेतन आयोग से जुड़े पूछे जाने वाले सवाल (8th Pay Commission FAQs)

8वें वेतन आयोग में कितना फिटमेंट फैक्टर तय हो सकता है?

अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। विभिन्न अनुमानों में 2.0 से 2.25 के बीच की संभावना जताई जा रही है।

क्या फिटमेंट फैक्टर जितना होगा, सैलरी भी उतनी ही बढ़ेगी?

नहीं। कुल सैलरी पर DA, HRA, TPTA और दूसरे भत्तों का भी असर पड़ता है।

8वें वेतन आयोग में कितनी सैलरी बढ़ने का अनुमान है?

कुछ अनुमानों के अनुसार अलग-अलग पे लेवल के कर्मचारियों की ग्रॉस सैलरी में 31% से 68% तक बढ़ोतरी संभव हो सकती है। अंतिम फैसला आयोग की सिफारिशों पर निर्भर करेगा।

क्या 8वां वेतन आयोग लागू हो चुका है?

आयोग का गठन हो चुका है और हितधारकों के साथ चर्चा का दौर जारी है। अंतिम सिफारिशें अभी आना बाकी हैं।