Business Ideas: त्योहारी सीजन में कमाई के लिए सितंबर बेस्ट माना जाता है। डिजाइनर कैंडल और होममेड स्नैक्स जैसे 7 छोटे बिजनेस शुरू कर दिवाली तक अच्छी कमाई कर सकते हैं।
Festival Business Ideas: सितंबर आते ही त्योहारी खुशबू हवा में घुलने लगती है। गणेश चतुर्थी, नवरात्रि, दशहरा और फिर त्योहारों का राजा यानी दीपावली। ये दो महीने का वह वक्त होता है, जब बाजार में लोग दिल खोलकर खरीदारी करते हैं। अगर आप भी अपनी नौकरी के साथ या खाली समय में कुछ नया काम शुरू करके एक्स्ट्रा इनकम जोड़ना चाहते हैं, तो सितंबर का पहला या दूसरा हफ्ता सबसे सही मौका हो सकता है। इस समय शुरू किए गए छोटे काम दिवाली आते-आते रफ्तार पकड़ सकते हैं। आइए जानते हैं ऐसे 7 आसान और कम लागत वाले बिजनेस आइडिया, जिन्हें घर या छोटी दुकान से तुरंत शुरू कर सकते हैं...
डेकोरेटिव और खुशबूदार मोमबत्तियों का काम
- दिवाली पर हर घर रोशनी चाहता है। आजकल बाजार में सादी मोमबत्तियों की जगह डिजाइनर, खुशबूदार (Aroma) और मोम से भरे मिट्टी के दीयों की भारी मांग रहती है।
- इसमें 3,000 से 6,000 रुपए तक का खर्च आ सकता है।
- मोम, धागा और थोड़े एसेंस ऑइल लाकर घर पर ही अट्रैक्टिव कैंडल (Scented Candles) बनाकर। सुंदर पैकेजिंग करके इन्हें नजदीकी गिफ्ट शॉप्स और वॉट्सऐप ग्रुप्स के जरिए बेच सकते हैं।
कस्टमाइज्ड कॉर्पोरेट और पर्सनल गिफ्ट हैंपर्स
- त्योहारों पर रिश्तेदार, दोस्त और कंपनियां एक-दूसरे को गिफ्ट देती हैं। अब सोनपापड़ी का जमाना गया, लोग ड्राई फ्रूट्स, चॉकलेट्स, हर्बल टी और दीयों का मिला-जुला हैंपर (Festival Gift Hampers) पसंद करते हैं।
- इस काम को शुरू करने के लिए 5,000 से 10,000 रुपए तक का खर्च आ सकता है।
- इस बिजनेस का फायदा ये है कि पहले ऑर्डर लकर सामान तैयार कर सकते हैं। इसमें अपनी जेब से बहुत ज्यादा रिस्क नहीं रहता है।
फैंसी पैकेजिंग और पूजा की थाली डेकोरेशन
- करवा चौथ और दिवाली पर सजी हुई पूजा थालियां, रोली-अक्षत के डिब्बे और गिफ्ट पैकिंग मटीरियल (Fancy Packaging and Puja Thali Decoration) हाथों-हाथ बिकते हैं।
- छोटे स्तर पर इस काम की लागत 2,000 से 5,000 रुपए तक आ सकती है।
- अगर आपको आर्ट और क्राफ्ट का थोड़ा भी शौक है, तो गोटा-पट्टी, शीशे और लेस का इस्तेमाल करके बनाई गई थालियों पर 50% से ज्यादा का मुनाफा मिलता है।
होममेड नमकीन और मिठाइयों का प्री-ऑर्डर बिजनेस
- त्योहारों के वक्त बाजार की मिलावटी मिठाइयों से लोग डरते हैं। ऐसे में अगर आप शुद्ध देसी घी या घर के बने शुद्ध स्नैक्स जैसे गुजिया, बेसन के लड्डू, मठरी और चकली सप्लाई कर सकें, तो ग्राहक खुद चलकर आपके पास आएंगे।
- इसमें 4,000 से लेकर 8,000 रुपए तक का खर्च आ सकता है।
- सितंबर में लोगों को टेस्ट के लिए छोटे सैंपल पैकेट देकर दिवाली के लिए पहले से एडवांस बुकिंग कर सकते हैं।
रेडीमेड रंगोली स्टेंसिल और होम डेकोर आइटम्स
- आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी में लोगों के पास घंटों बैठकर रंगोली बनाने का वक्त नहीं होता है। ऐसे में रेडीमेड रंगोली स्टेंसिल और होम डेकोर आइटम्स की डिमांड तेजी बढ़ रही है।
- आप लकड़ी के कटआउट, ऐक्रेलिक रंगोली, रेडीमेड स्टेंसिल, तोरण और गेंदे के फूलों की आर्टिफिशियल मालाएं थोक बाजार से लाकर लोकल मार्केट या ऑनलाइन बेच सकते हैं।
- इस काम में सामान खराब होने का कोई डर नहीं रहता है।
डीप क्लीनिंग और होम मेकओवर सर्विस
- दिवाली की सफाई हर घर का सबसे बड़ा काम होता है। कामकाजी जोड़ों और बुजुर्गों के पास पूरे घर की जाले-धूल साफ करने का समय नहीं होता है।
- इसमें 2,000 रुपए तक का खर्च आ सकता है, जो बेसिक क्लीनिंग टूल्स और केमिकल्स के लिए चाहिए।
- दो-तीन लोकल लड़कों की टीम बनाकर सोफा क्लीनिंग, किचन डीप क्लीनिंग और बाथरूम क्लीनिंग का पैकेज बनाकर अपनी सोसाइटी में प्रचार कर सकते हैं।
फेस्टिव एथनिक वियर और आर्टिफिशियल ज्वेलरी रिसेलिंग
- नवरात्रि के डांडिया से लेकर दिवाली की पूजा तक, कपड़ों और ज्वेलरी की बिक्री सबसे ज्यादा होती है।
- इसमें जीरो से 5,000 रुपए तक का खर्च आ सकता है।
- अगर आप इस बिजनेस को करना चाहते हैं, तो सूरत, जयपुर या दिल्ली के थोक सप्लायर्स से जुड़ें। बिना खुद माल खरीदे उनके फोटो और वीडियो अपने सोशल मीडिया स्टेटस पर लगाएं। ऑर्डर आने पर अपना मार्जिन जोड़कर सीधा ग्राहक को डिलीवर करवाएं।
डिस्क्लेमर: इस आर्टिकल में बताए गए बिजनेस आइडियाज सिर्फ सूचना और मार्गदर्शन के उद्देश्य से दिए गए हैं। किसी भी बिजनेस में होने वाला प्रॉफिट और कॉस्ट आपकी पर्सनल स्किल, लोकल मार्केट की डिमांड, पैकेजिंग और मेहनत पर निर्भर करती है। कोई भी वित्तीय निवेश करने से पहले अपने स्तर पर बाजार का मूल्यांकन करें और एक्सपर्ट से सलाह जरूर लें।


