Gold Rate Crash: सोने-चांदी के दाम में बड़ी गिरावट आई है। ग्लोबल बाजार में सोना 14 महीने के लो लेवल पर पहुंच गया है। जानें अभी खरीदना सही या थोड़ा और इंतजार करना चाहिए।
Gold Price Today: अगर आपके घर में शादी-ब्याह का सीजन चल रहा है या आप काफी समय से सोना-चांदी सस्ता होने का इंतजार कर रहे थे, तो शुक्रवार, 20 नवंबर की सुबह आपके लिए बड़ी खुशखबरी लेकर आई है। सर्राफा बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में अचानक बड़ी गिरावट देखने को मिली है। हालात ये हैं कि दुनियाभर के बाजारों में सोना पिछले 14 महीने के सबसे निचले स्तर पर आ गया है यानी सितंबर 2025 के बाद सबसे कम पर आ गया है। घरेलू वायदा बाजार (MCX) में भी सुबह खुलते ही सोना करीब 4% और चांदी 6% से ज्यादा टूट गई। लेकिन आम आदमी के मन में सबसे बड़ा सवाल ये है कि क्या आज ही ज्वेलरी खरीद लेनी चाहिए या दाम अभी और नीचे आएंगे? आइए जानते हैं क्या है प्रेडिक्शन...
आखिर अचानक इतना सस्ता क्यों हो गया सोना-चांदी?
अमेरिकी डॉलर की मजबूती
बाजार के इस उतार-चढ़ाव के पीछे कोई रॉकेट साइंस नहीं, बल्कि दो वजहें हैं। पहली जब भी अमेरिकी डॉलर मजबूत होता है, तो दूसरे देशों के निवेशकों के लिए सोना खरीदना महंगा पड़ता है। इससे सोने की डिमांड कम होती है और दाम गिरने लगते हैं।
ब्याज दरों का डर
अमेरिका के केंद्रीय बैंक (US Fed) की दिसंबर में बैठक होने वाली है। महंगाई को काबू करने के लिए बैंक वहां ब्याज दरें बढ़ा सकता है। ऐसे में बड़े निवेशक सोने से पैसा निकालकर बैंक और बॉन्ड में लगा रहे हैं, जिससे सोने-चांदी की कीमतें धड़ाम हो गई हैं।
आज सोने का रेट क्या है?
नई दिल्ली में आज सोने का भाव
24 कैरेट सोना: ₹1,22,680 प्रति 10 ग्राम
22 कैरेट सोना: ₹1,12,457 प्रति 10 ग्राम
मुंबई में आज सोने का भाव
24 कैरेट सोना: ₹1,22,900 प्रति 10 ग्राम
22 कैरेट सोना: ₹1,12,658 प्रति 10 ग्राम
कोलकाता में आज सोने का भाव
24 कैरेट सोना: ₹1,22,800 प्रति 10 ग्राम
22 कैरेट सोना: ₹1,12,567 प्रति 10 ग्राम
चेन्नई में आज सोने का भाव
24 कैरेट सोना: ₹1,23,330 प्रति 10 ग्राम
22 कैरेट सोना: ₹1,13,035 प्रति 10 ग्राम
नोट: वायदा बाजार यानी MCX पर सुबह करीब 9:13 बजे सोना 3.91% गिरकर ₹1,23,120 प्रति 10 ग्राम और चांदी 6.06% टूटकर ₹1,48,730 प्रति किलो पर ट्रेड करती दिखी।
सोना खरीदने का क्या यही 'गोल्डन चांस' या अभी रुकना चाहिए?
अगर आप शादी-ब्याह या घरेलू जरूरत के लिए ज्वेलरी बनवाना चाहते हैं, तो ये गिरावट किसी मौके से कम नहीं है। 14 महीने के निचले स्तर पर सोना मिलना एक बड़ी राहत है। बाजार के जानकारों के अनुसार, बाजार में अभी हलचल तेज है। अगर आपको 5 तोला सोना खरीदना है, तो आज की गिरावट का फायदा उठाकर 2 से 3 तोला बुक कर सकते हैं। बाकी के लिए अगले कुछ दिनों तक बाजार की चाल देखें। अगर आप सिर्फ मुनाफा कमाने के लिए सोना या चांदी (999 प्योरिटी वाले सिक्के या बार) खरीद रहे हैं, तो दिसंबर में होने वाली अमेरिकी बैंक की मीटिंग तक थोड़ा इंतजार करना या धीरे-धीरे पैसा लगाना ज्यादा सुरक्षित रहेगा।
डिस्क्लेमर: ये आर्टिकलि सिर्फ सामान्य जानकारी के लिए है। यहां दिए गए सोने-चांदी के रेट आज सुबह के अनुसार हैं। अलग-अलग शहरों में टैक्स, मेकिंग चार्ज और स्थानीय सर्राफा संघ के नियमों के हिसाब से कीमतों में थोड़ा अंतर हो सकता है। किसी भी निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से सलाह जरूर लें।















