गुड़गांव के एक शख्स का X पोस्ट वायरल है, जिसके अनुसार 8-10 करोड़ की वित्तीय सुरक्षा के बाद पैसे का महत्व कम हो जाता है। उनका मानना है कि जीवन की असली मुद्रा पैसा नहीं, बल्कि समय है। इस पोस्ट पर लोग बहस कर रहे हैं।
पैसा, समय और खुशी।।। जिंदगी की ये तीन सबसे जरूरी चीजें हैं। इन्हीं को लेकर गुड़गांव के एक शख्स का पोस्ट X (पहले ट्विटर) पर खूब वायरल हो रहा है। गुरजोत अहलूवालिया नाम के इस यूजर का मानना है कि एक लेवल पर आकर पैसे की अहमियत कम हो जाती है। उनका कहना है कि एक तय रकम (Financial Security) हासिल करने के बाद, एक आम आदमी और एक अरबपति की जिंदगी में ज्यादा अंतर नहीं होता। इस पोस्ट पर लोग खूब बहस कर रहे हैं, कुछ लोग उनकी बात से सहमत हैं तो कुछ असहमत।
पोस्ट में क्या लिखा है?
"8-10 करोड़ रुपये की बचत, अपना घर और एक अच्छी कार होने के बाद, आपकी और आर।के। दमानी जैसे अरबपतियों की लाइफस्टाइल में कोई खास फर्क नहीं है।
जिंदगी की असली करेंसी पैसा नहीं, बल्कि समय है। आपके और उनके, दोनों के पास धरती पर सीमित समय है। सच तो यह है कि आपके पास आर।के। दमानी से दोगुना या उससे भी ज्यादा समय हो सकता है, इसलिए आप उनसे ज्यादा अमीर हैं।
एक अरबपति भी दाल-रोटी खाता है और आप भी। इसलिए, करीब 8-10 करोड़ रुपये कमाकर फाइनेंशियली फ्री हो जाइए। अच्छा खाना खाइए, एक्सरसाइज कीजिए, अच्छी नींद लीजिए, अपने माता-पिता और दोस्तों से मिलिए। जिंदगी बस इतनी ही है। लालच का कोई अंत नहीं है।
आप जितनी जल्दी यह बात समझ जाएंगे, उतनी ही खुशी से जी पाएंगे।"
इस पोस्ट पर लोग जमकर रिएक्शन दे रहे हैं। कुछ लोगों ने गुरजोत की बात से सहमति जताई। वहीं, कई यूजर्स ने कहा कि यह सब कहना आसान है, लेकिन हर किसी के लिए फाइनेंशियल सिक्योरिटी का मतलब अलग-अलग होता है।
