HCL Share Price: एचसीएल टेक के Q2 नतीजों के बाद शेयर 5% उछला। ₹5,113 करोड़ मुनाफे के बावजूद ब्रोकरेज फर्म्स ने इस शेयर को लेकर अलर्ट रहने की सलाह दी है। जानिए क्यों
HCL Technologies Share Price Target: शेयर बाजार में मंगलवार का दिन HCL टेक के निवेशकों के लिए किसी दिवाली से कम नहीं है। कंपनी के तिमाही (Q2) नतीजे आने के बाद आज सुबह इसके शेयर में करीब 5% की तूफानी तेजी आ गई और ये निफ्टी-50 के सबसे ज्यादा कमाई कराने वाले शेयरों (टॉप गेनर) में शामिल हो गया। शुरुआती बाजार में NSE पर शेयर उछलकर ₹1,281.50 तक पहुंच गया। एक तरफ जहां कंपनी के मुनाफे ने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं, शेयर भाग रहा है, वहीं स्टॉक मार्केट के बड़े-बड़े ब्रोकरेज हाउस निवेशकों को 'अलर्ट' रहने की सलाह दे रहे हैं। आखिर ऐसा क्यों है? आइए जानते हैं...
HCL Tech का रिपोर्ट कार्ड कैसा रहा?
कंपनी ने जुलाई-सितंबर (Q2) तिमाही में दमदार प्रदर्शन किया है। कंपनी का नेट प्रॉफिट (मुनाफा) पिछले क्वार्टर के मुकाबले 10.5% बढ़कर ₹5,113 करोड़ हो गया है। जबकि बाजार के जानकारों को उम्मीद थी कि ये आंकड़ा 4,910 करोड़ के आसपास रहेगा। कंपनी की कुल कमाई (Revenue) भी 3% बढ़कर ₹35,620 करोड़ पहुंच गई है। HCL टेक की कमाई में आर्टिफिशल इंटेलिजेंस (AI) और बड़े प्रोजेक्ट्स का बहुत बड़ा हाथ रहा है।
फिर टेंशन कहां है? ब्रोकरेज क्यों कह रहे हैं 'सावधान'?
इतने शानदार नतीजों के बावजूद दुनिया की बड़ी ब्रोकरेज कंपनियों की राय HCL टेक को लेकर बंटी हुई है। जहां कुछ इसे 'खरीदने' की सलाह दे रहे हैं, वहीं कुछ का मानना है कि अब 'बेचने' का समय आ गया है। इसके पीछे दो मुख्य कारण हैं, शेयर का महंगा होना और भविष्य में कंपनी के खर्चे बढ़ना (मार्जिन की टेंशन)।
HCL Tech Share को लेकर ब्रोकरेज का क्या कहना है?
नोमुरा (Nomura) ने दी BUY रेटिंग
ब्रोकरेज फर्म नोमुरा ने इस शेयर का टारगेट प्राइस ₹1,330 दिया है। नोमुरा कंपनी के नतीजों से बेहद खुश है। उनका कहना है कि HCL Tech का AI पर फोकस और सर्विस बिजनेस बहुत अच्छा काम कर रहा है।
सिटी (Citi) ने कहा तुरंत बेच दो
ब्रोकरेज फर्म सिटी ने इस शेयर पर सेल रेटिंग देते हुए टारगेट प्राइस ₹1,050 कर दिया है। सिटी का मानना है कि कंपनी का सॉफ्टवेयर बिजनेस थोड़ा कमजोर रहा है। साथ ही, TCS और इंफोसिस (Infosys) जैसे प्रतिद्वंद्वियों के मुकाबले HCL Tech का शेयर इस वक्त 20-25% महंगा मिल रहा है। उन्होंने भविष्य के मार्जिन (मुनाफे की दर) पर भी चिंता जताई है।
जेपी मॉर्गन (JP Morgan) ने दी अंडरवेट की रेटिंग
जेपी मॉर्गन ने टारगेट प्राइस ₹1,080 करते हुए कहा कि आने वाले समय में जब कंपनी अपने कर्मचारियों की सैलरी बढ़ाएगी (Wage Hikes), तो इससे कंपनी के मुनाफे (मार्जिन) पर भारी असर पड़ेगा। इसलिए उन्होंने इसे अंडरवेट रेटिंग दी है।
CLSA और HSBC ने दी होल्ड रखने की सलाह
CLSA ने इस शेयर का टारगेट ₹1,094 और HSBC ने ₹1,255 दिया है। दोनों ब्रोकरेज का मानना है कि नतीजे अच्छे हैं और AI रणनीति दमदार है, लेकिन आगे ग्रोथ कैसी रहेगी, इस पर थोड़ी अनिश्चितता है। इसलिए जो शेयर हैं उन्हें होल्ड करें, नई खरीदारी से पहले सोच-विचार लें।
गोल्डमैन सैक्स (Goldman Sachs) ने दी न्यूट्रल रेटिंग
गोल्डमैन सैक्स ने अपना टारगेट थोड़ा घटाकर ₹1,200 कर दिया है और शेयर पर न्यूट्रल रुख अपनाया है।
डिस्क्लेमर: ये आर्टिकल सिर्फ सामान्य जानकारी और वित्तीय जागरूरता के उद्देश्य से है। इसे किसी भी शेयर को खरीदने या बेचने की सलाह (Investment Advice) न समझें। शेयर बाजार में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। किसी भी प्रकार के निवेश का निर्णय लेने से पहले अपने प्रमाणित वित्तीय सलाहकार (SEBI Registered Financial Advisor) से सलाह जरूर लें।


