RAC Ticket Rules: क्या AC में RAC सीट पर कंबल नहीं मिलता है? जानें रेलवे का 15 साल पुराना नियम, नया अल्टीमेटम, पूरी किट की लिस्ट और अटेंडेंट मना करे तो क्या करना चाहिए।
RAC Bedroll Rule: ट्रेन में सफर करते समय अगर आपका टिकट RAC (Reservation Against Cancellation) रह जाता है, तो सबसे पहला टेंशन यही होता है कि रात कैसे कटेगी? एक सीट पर दो लोग बैठेंगे, यह बात तो सबको पता है। लेकिन क्या आपको पता है कि रेलवे का स्टाफ RAC यात्रियों से एक बड़ा सच छुपाता है? अक्सर ट्रेन के अंदर अटेंडेंट बड़ी आसानी से कह देते हैं कि 'सर, RAC में कंबल-चादर नहीं मिलता है।' अगर आपने भी कभी ऐसा सुना है या चुपचाप रात काटी है, तो अब आपके लिए बड़े काम की खबर है। रेलवे ने इसे लेकर एक अल्टीमेटम जारी किया है।
रेलवे बोर्ड का स्टाफ को सख्त अल्टीमेटम
रेलवे के पास लगातार शिकायतें पहुंच रही थीं कि स्टाफ RAC यात्रियों को बेडरोल नहीं दे रहा है या फिर आधी-अधूरी किट पकड़ा रहा है। इसे देखते हुए 4 अगस्त 2026 को रेलवे बोर्ड ने फिर से एक सख्त लेटर जारी किया है। रेलवे ने अपने सभी जोन को साफ चेतावनी दी है कि AC कोच में सफर करने वाले हर RAC पैसेंजर को 'पूरी बेडरोल किट' मिलना उसका हक है। यह कोई नया नियम नहीं है, बल्कि 2009 से चला आ रहा है, लेकिन इसे ठीक से फॉलो नहीं किया जा रहा था।
RAC टिकट पर क्या-क्या मांग सकते हैं?
जब आप AC कोच (3rd AC, 2nd AC) में RAC टिकट पर सफर कर रहे हों, तो अटेंडेंट से 4 चीजें मांग सकते हैं।
- 1 साफ कंबल (Blanket)
- 2 सफेद चादर (Bedsheets)
- 1 आरामदायक तकिया (Pillow)
- 1 छोटा तौलिया (Face Towel)
सीट आधी मिली है, तो पूरा बेडरोल क्यों मिलेगा?
जब आप AC क्लास का टिकट बुक करते हैं, तो उस किराये में बेडरोल का चार्ज (Bedroll Charges) पहले से ही कट जाता है। यानी रेलवे ने आपसे इस सुविधा के पूरे पैसे लिए हैं। इसलिए दोनों RAC यात्रियों को अलग-अलग पूरी किट मिलेगी।
क्या सभी ट्रेन में RAC पैसेंजर को बेडरोल मिलेगा?
यह नियम सिर्फ उन ट्रेनों पर लागू होता है, जिनमें स्लीपर यानी सोने वाली सीटें होती हैं। अगर आप AC Chair Car (CC) यानी बैठने वाली AC क्लास में सफर कर रहे हैं, तो वहां किसी भी यात्री को बेडरोल नहीं दिया जाता है।
अटेंडेंट बहाने बनाए तो क्या करें?
अगर अगली बार सफर में अटेंडेंट आपको RAC का हवाला देकर बेडरोल देने से मना करे, तो आपको उससे बहस करने की जरूरत नहीं है। तुरंत अपने फोन से 139 डायल करें और शिकायत दर्ज कराएं या फिर अपने मोबाइल में RailMadad ऐप खोलें, अपना PNR नंबर डालें और 'Bedroll not provided' की शिकायत कर दें। शिकायत के कुछ ही मिनटों के अंदर स्टाफ खुद आकर आपको पूरा बेडरोल देकर जाएगा।


