William Walsh IndiGo CEO: इंडिगो ने इंटरनेशनल मार्केट में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए दुनिया के मशहूर एविएशन लीडर विलियम वॉल्श को अपना नया कैप्टन (CEO) चुना है। ब्रिटिश एयरवेज को नई ऊंचाइयों पर ले जाने वाले वॉल्श के आने से इंडिगो का 'लो-कॉस्ट' मॉडल अब ग्लोबल स्टैंडर्ड की ओर बढ़ेगा।
IndiGo New CEO: भारत की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो ने एविएशन जगत के दिग्गज विलियम वॉल्श (William Walsh) को अपना नया CEO नियुक्त करने का बड़ा ऐलान किया है। वॉल्श वर्तमान में ग्लोबल एयरलाइन बॉडी (IATA) के प्रमुख हैं और 3 अगस्त 2026 तक इंडिगो में शामिल होंगे। उनके पास ब्रिटिश एयरवेज और IAG जैसे बड़े ब्रांड्स को लीड करने का दशकों का अनुभव है। यह नियुक्ति ऐसे समय में हुई है जब इंडिगो अब घरेलू बाजार से आगे निकलकर बड़े विदेशी रूट्स पर अपनी धाक जमाने की तैयारी कर रही है। आइए जानते हैं विलियम वॉल्श की प्रोफाइल और उनके आने से आपकी हवाई यात्रा पर क्या असर पड़ेगा?
विलियम वॉल्श कौन हैं?
एविएशन की दुनिया में विलियम वॉल्श को लोग प्यार से 'विली' बुलाते हैं। उनका अनुभव इतना शानदार है कि उन्हें इस इंडस्ट्री का 'जादूगर' माना जाता है। वह ब्रिटिश एयरवेज (British Airways) और एरो लिंगस जैसी मशहूर एयरलाइंस के CEO रह चुके हैं। अभी IATA (International Air Transport Association) के महानिदेशक हैं, जो पूरी दुनिया की एयरलाइंस की एक बड़ी संस्था है।
विलियम वॉल्श इंडिगो की कमान कब से संभालेंगे?
विलियम वॉल्श 31 जुलाई 2026 तक IATA में अपनी जिम्मेदारी पूरी करेंगे। इसके बाद 3 अगस्त 2026 तक इंडिगो के CEO का पद संभाल लेंगे। यहां से उनकी नई पारी का आगाज होगा। जिस पर हर किसी की नजर रहेगी, क्योंकि इंडिगो कुछ समय पहले ही क्राइसिस से जूझ चुकी है। इंडिगो के चेयरमैन विक्रम सिंह मेहता ने कहा, 'विली एक कमाल के लीडर हैं। उनका ट्रैक रिकॉर्ड बताता है कि वह मुश्किल बाजारों में भी एयरलाइंस को आगे ले जाने का हुनर जानते हैं।'
IndiGo के लिए क्यों खास है यह फैसला?
इंडिगो अब सिर्फ भारत के छोटे शहरों तक सीमित नहीं रहना चाहती। कंपनी का प्लान अब बहुत बड़ा है। इंडिगो अब यूरोप और एशिया के दूर-दराज के देशों तक अपनी पहुंच बढ़ाना चाहती है। इसके लिए कंपनी ने बड़े विमानों (Wide-body planes) का ऑर्डर भी दे रखा है। विलियम वॉल्श का अनुभव इंडिगो को एयर इंडिया और एमिरेट्स जैसी ग्लोबल एयरलाइंस के सामने मजबूती से खड़ा होने में मदद करेगा। पीटर एल्बर्स के जाने के बाद, इंडिगो को एक ऐसे लीडर की जरूरत थी जो इसे एक 'लो-कॉस्ट' एयरलाइन से हटाकर एक 'ग्लोबल ब्रांड' बना सके।


