सरकारी बीमा कंपनी भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) को उम्मीद है कि वह चालू वित्त वर्ष में 2.5 करोड़ से अधिक व्यक्तिगत बीमा पालिसी बेचने तथा 55 हजार करोड़ रुपये से अधिक का प्रीमियम जुटाने के लक्ष्य को पार कर लेगी

मुंबई: सरकारी बीमा कंपनी भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) को उम्मीद है कि वह चालू वित्त वर्ष में 2.5 करोड़ से अधिक व्यक्तिगत बीमा पालिसी बेचने तथा 55 हजार करोड़ रुपये से अधिक का प्रीमियम जुटाने के लक्ष्य को पार कर लेगी।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

यदि एलआईसी ऐसा कर पाती है तो यह पिछले वित्त वर्ष की तुलना में व्यक्तिगत बीमा की बिक्री में 17 प्रतिशत की वृद्धि होगी। एलआईसी ने कहा, ‘‘हमने 21 मार्च 2020 तक 2.17 करोड़ व्यक्तिगत बीमा बेचने तथा 50,500 करोड़ रुपये का प्रीमियम जमा करने का नया रिकॉर्ड बनाया है।’’

इस महीने सर्वाधिक बीमा की बिक्री होती है

कंपनी ने कहा कि उसे मार्च के अंत से पहले ही 2.5 करोड़ व्यक्तिगत बीमा बेचने का लक्ष्य पा लेने का भरोसा है। कंपनी ने पिछले वित्त वर्ष में 2,14,03,905 व्यक्तिगत बीमा की बिक्री की थी।

मार्च महीना बीमा कंपनियों के लिये सामान्यत: शानदार होता है और इस महीने सर्वाधिक बीमा की बिक्री होती है। एलआईसी ने सामूहिक बीमा पालिसी में इस साल की शुरुआत में 60 हजार करोड़ रुपये का प्रीमियम जुटाने का लक्ष्य तय किया था। जबकि वह अभी तक इस श्रेणी में 1.15 लाख करोड़ रुपये का प्रीमियम जुटा चुकी है।

एलआईसी ने फरवरी 2020 के अंत तक पहले साल के प्रीमियम से हुई आय में 12.85 प्रतिशत और बीमा पालिसी बिक्री में 21.84 प्रतिशत की शानदार वृद्धि दर्ज की है।

(यह खबर समाचार एजेंसी भाषा की है, एशियानेट हिंदी टीम ने सिर्फ हेडलाइन में बदलाव किया है।)