LPG Gas Connection Rules: क्या आपका गैस कनेक्शन कट सकता है? जानिए नए 14.2 kg सिलेंडर पर रोक और e-KYC को लेकर सरकार का नया फैसला क्या है। नया कनेक्शन कैसे लें।

LPG Booking Rules: अगर आपके घर में एलपीजी सिलेंडर का इस्तेमाल होता है, तो यह खबर आपके लिए बहुत जरूरी है। दुनियाभर में चल रहे तनाव और गैस सप्लाई की दिक्कतों के बीच पेट्रोलियम कंपनियों ने नियमों में कुछ बड़े बदलाव किए हैं। अगर आप नया गैस कनेक्शन लेने की सोच रहे हैं या आपके पुराने कनेक्शन की KYC पूरी नहीं है, तो आपकी रसोई का बजट और सप्लाई दोनों प्रभावित हो सकते हैं। आइए जानते हैं कि गैस कंपनियों का ताजा फैसला क्या है और आम आदमी पर इसका क्या असर पड़ेगा...

क्या सच में बंद हो सकता है आपका गैस कनेक्शन?

अगर आपकी KYC पूरी नहीं है, तो कनेक्शन पर रोक लग सकती है। गैस कंपनियां इस समय फर्जी और बिना उपयोग वाले कनेक्शनों को सिस्टम से हटाने के लिए बड़ा अभियान चला रही हैं। अगर आपका कनेक्शन काफी समय से बंद था या आपने अभी तक आधार और बायोमेट्रिक ई-केवाईसी नहीं कराई है, तो तुरंत अपनी नजदीकी गैस एजेंसी जाकर इसे पूरा करवाएं। पेट्रोलियम कंपनियों का पूरा ध्यान मौजूदा वैध ग्राहकों को बिना रुकावट गैस रिफिल पहुंचाने पर है।

नए 14.2 kg घरेलू कनेक्शन पर फिलहाल पूरी रोक

अगर आप 14.2 किलो वाला नया घरेलू सिलेंडर कनेक्शन लेने की कोशिश कर रहे हैं, तो अभी आपको थोड़ा इंतजार करना होगा। सभी प्रमुख गैस कंपनियों ने नए घरेलू कनेक्शन की बुकिंग पर अस्थाई रोक (Hold) लगा रखी है। पेट्रोलियम मंत्रालय के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हालात सामान्य होने के बाद ही नए घरेलू कनेक्शन दोबारा शुरू किए जाएंगे। फिलहाल कंपनियां केवल उन्हीं पुराने ग्राहकों को सिलेंडर दे रही हैं, जिनके पास पहले से एक्टिव कनेक्शन है।

नया कनेक्शन नहीं मिल रहा तो क्या करें

अगर आप नए शहर में शिफ्ट हुए हैं, किराए के मकान में रहते हैं या परिवार के लिए तुरंत गैस की जरूरत है, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। गैस एजेंसियां दो बेहतरीन विकल्प दे रही हैं।

10 kg कंपोजिट FTL सिलेंडर: यह हल्का, सुरक्षित और पारदर्शी (जिसमें गैस का लेवल दिखता है) सिलेंडर है। प्रमुख शहरों में इसे बिना लंबे कागजी झंझट के तुरंत बुक कराया जा सकता है।

5 kg छोटा सिलेंडर: छोटे परिवारों और छात्रों के लिए 5 किलो का सिलेंडर आसानी से उपलब्ध है, जिसकी होम डिलीवरी भी फटाफट हो जाती है।

आखिर क्यों आई गैस सप्लाई में यह दिक्कत?

भारत अपनी जरूरत का लगभग 60% एलपीजी बाहर से मंगाता है। इसका बड़ा हिस्सा 'हॉर्मुज जलडमरूमध्य' (Strait of Hormuz) के रास्ते मिडिल ईस्ट से आता था, जहां फिलहाल तनाव की वजह से जहाजों की आवाजाही प्रभावित हुई है। घरेलू कमी को पूरा करने के लिए भारत ने अमेरिका से एलपीजी और एलएनजी का आयात शुरू किया है। अमेरिका से जहाज आने में ज्यादा समय और खर्च लगता है, इसलिए सरकार अभी घरेलू सप्लाई को बेहद संभलकर मैनेज कर रही है ताकि मौजूदा ग्राहकों को किल्लत न हो।

आपको अभी क्या करना चाहिए?

तुरंत ई-केवाईसी कराएं: अगर आपकी एजेंसी से कॉल या मैसेज आया है, तो गैस पासबुक और आधार कार्ड लेकर बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन जरूर पूरा करें।

सिलेंडर समय से बुक करें: पैनिक बुकिंग न करें, लेकिन जब सिलेंडर खत्म होने वाला हो तो 3-4 दिन पहले ही बुकिंग डाल दें।

ऑप्शन चुनें: अगर नया कनेक्शन बहुत जरूरी है, तो तुरंत 5 kg या 10 kg कंपोजिट सिलेंडर के लिए अप्लाई करें।