भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा शुक्रवार 10 मई को जारी आंकड़ों के मुताबिक, 3 मई 2024 को खत्म हुए हफ्ते में देश का विदेशी मुद्रा भंडार 3.66 बिलियन डॉलर की बढ़त के साथ 641.59 अरब डॉलर पर पहुंच गया है।

Forex Reserves: भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में पिछले कुछ हफ्तों से लगातार जारी गिरावट का दौर थम गया है। भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा शुक्रवार 10 मई को जारी आंकड़ों के मुताबिक, 3 मई 2024 को खत्म हुए हफ्ते में देश का विदेशी मुद्रा भंडार 3.66 बिलियन डॉलर की बढ़त के साथ 641.59 अरब डॉलर पर पहुंच गया है। बता दें कि 26 अप्रैल को खत्म हुए हफ्ते में भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 637.92 अरब डॉलर रहा था।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

Gold रिजर्व में आई गिरावट

RBI द्वारा जारी डेटा के मुताबिक, 3 मई 2024 को खत्म हुए हफ्ते में फॉरेन करेंसी एसेट में भी इजाफा हुआ है। ये 4.45 अरब डॉलर की बढ़त के साथ अब 564.16 अरब डॉलर पहुंच गया है। इसके अलावा रिजर्व बैंक के पास रखे गोल्ड रिजर्व में गिरावट आई है और ये 653 मिलियन डॉलर की गिरावट के साथ 54.88 अरब डॉलर रह गया है। वहीं, एसडीआर 2 मिलियन डॉलर की बढ़त के साथ 18.05 अरब डॉलर पहुंच गया है।

किस वजह से फॉरेक्स रिजर्व पर पड़ता है असर?

इसके साथ ही अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) के पास रखा रिजर्व 140 मिलियन डॉलर घटकर 4.49 अरब डॉलर पर पहुंच गया है। बता दें कि विदेशी संस्थागत निवेशक पिछले कुछ हफ्तों से लगातार बाजार से पैसा निकाल रहे हैं, जिसका असर फॉरेक्स रिजर्व पर पड़ सकता है। इसके अलावा डॉलर के मुकाबले रुपए की गिरावट को थामने के लिए रिजर्व बैंक को कुछ जरूरी कदम उठाने पड़ते हैं, जिनकी वजह से भी विदेशी मुद्रा भंडार पर सीधा असर पड़ता है।

दुनिया में चौथा सबसे बड़ा फॉरेक्स रिजर्व भारत के पास

बता दें कि फॉरेक्स रिजर्व के मामले में भारत दुनिया के टॉप-5 देशों में शामिल है। दुनिया में सबसे ज्यादा विदेशी मुद्रा भंडार चीन 3225 बिलियन डॉलर चीन के पास है। दूसरे नंबर पर जापान है, जिसका फॉरेक्स रिजर्व 1135 अरब डॉलर है। तीसरे नंबर पर 868 बिलियन डॉलर के साथ स्विट्जरलैंड का नाम है। वहीं, चौथे नंबर पर 641 अरब डॉलर के साथ भारत है। पांचवे नंबर पर 596 अरब डॉलर के साथ रूस का नाम है। 

ये भी देखें : 

रिलायंस में मुकेश अंबानी से ज्यादा सैलरी लेता है ये शख्स, गजब है रुतबा