सार
Indias forex reserve: भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में भारी उछाल! 7 मार्च को ये 15.26 अरब डॉलर बढ़कर 653.97 अरब डॉलर हो गया। गोल्ड रिजर्व और IMF के पास पड़े रिजर्व में भी हुई बढ़ोतरी।
Forex Reserve Latest Data: 7 मार्च को खत्म हुए हफ्ते में भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 15.26 अरब डॉलर (1.33 लाख करोड़) बढ़कर 653.97 अरब डॉलर पहुंच गया है। इससे पहले 21 से 28 फरवरी वाले हफ्ते में इसमें गिरावट देखी गई थी। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, फॉरेन करेंसी एसेट्स 13.93 अरब डॉलर बढ़कर 557.28 अरब डॉलर हो गई है।
कितना बढ़ गया भारत का गोल्ड रिजर्व
28 फरवरी से 7 मार्च के बीच भारत का गोल्ड रिजर्व 1 अरब डॉलर (8700 करोड़ रुपए) बढ़कर 74.32 अरब डॉलर (6.46 लाख करोड़ रुपए) हो गया है। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष के पास रहने वाले रिजर्व में भी 600 करोड़ रुपए का इजाफा हुआ है और ये 35650 करोड़ रुपए पहुंच गया है।
पाकिस्तान से 41 गुना ज्यादा भारत का Forex Reserve
पाकिस्तान की तुलना में भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 41 गुना ज्यादा है। भारत का फॉरेक्स रिजर्व जहां 654 अरब डॉलर है, वहीं पाकिस्तान का सिर्फ 16 अरब डॉलर के आसपास है। पिछले कुछ महीनों में पाकिस्तान के विदेशी मुद्रा भंडार में काफी उछाल आया है। सितंबर, 2024 में पड़ोसी का फॉरेक्स रिजर्व महज 8 अरब डॉलर था, जो कि अब डबल हो चुका है। वहीं, 6 सितंबर 2024 को खत्म हुए हफ्ते के दौरान भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 689.23 अरब डॉलर पर पहुंच गया था। तब से इसमें करीब 35 अरब डॉलर की गिरावट आई है। फॉरेक्स रिजर्व के मामले में पाकिस्तान दुनिया का 68वां सबसे बड़ा देश है, जबकि भारत का नाम वर्ल्ड के टॉप-5 देशों में शामिल है।
सबसे ज्यादा विदेशी मुद्रा भंडार वाले टॉप-5 देश
दुनिया में सबसे ज्यादा विदेशी मुद्रा भंडार वाले देशों में अमेरिका नहीं बल्कि चीन का नाम है। चीन का विदेशी मुद्रा भंडार 3571 अरब डॉलर है। इसके बाद दूसरे नंबर पर जापान है, जिसका फॉरेक्स रिजर्व 1238 अरब डॉलर है। तीसरे नंबर पर स्विट्जरलैंड का नाम आता है, जिसके पास 952 अरब डॉलर का विदेशी मुद्रा भंडार है। वहीं चौथे नंबर पर 654 अरब डॉलर के साथ भारत का नाम आता है। 620 अरब डॉलर के साथ रूस लिस्ट में पांचवे नंबर पर है। वहीं, अमेरिका के पास 243 अरब डॉलर का फॉरेक्स रिजर्व है और वो लिस्ट में 15वें नंबर पर है।